scorecardresearch
 

15 Days Rajasthan Trip: 12-15 दिन में घूमना है पूरा राजस्थान? जयपुर से जैसलमेर तक, ऐसे बनाएं परफेक्ट प्लान

15 Days Rajasthan Trip: अक्टूबर-नवंबर में राजस्थान घूमने का प्लान बना रहे हैं तो 12-15 दिन की ट्रिप में यहां के कई मशहूर शहरों की सैर कर सकते हैं. जयपुर के किलों से लेकर जैसलमेर के रेगिस्तान और उदयपुर की झीलों तक, जानिए किन जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल करें और कैसे बनाएं घूमने का सही प्लान.

Advertisement
X
12-15 दिनों में ऐसे करें पूरे राजस्थान की सैर (Photo- ITG)
12-15 दिनों में ऐसे करें पूरे राजस्थान की सैर (Photo- ITG)

15 Days Rajasthan Trip: अक्टूबर-नवंबर का महीना घूमने-फिरने के लिए अच्छा माना जाता है. इस दौरान न तो कड़ाके की ठंड होती है, न भीषण गर्मी और न ही बारिश का झंझट, इसीलिए यह समय घूमने-फिरने वालों का फेवरेट होता है. अगर आप भी इस सुहाने मौसम में कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं तो राजस्थान आपके लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन साबित हो सकता है. 

गुलाबी ठंड के इस मौसम में यहां के ऐतिहासिक किलों, शाही महलों, झीलों और सुनहरे रेगिस्तान को एक्सप्लोर करने का मजा दोगुना हो जाता है. अगर आपके पास 12 से 15 दिनों का घूमने का समय है तो आप जयपुर की ऐतिहासिक इमारतों से लेकर जैसलमेर के रेतीले टीलों और उदयपुर की खूबसूरत झीलों तक पूरे राजस्थान का दीदार कर सकते हैं. हालांकि, इतने दिनों में ज्यादा से ज्यादा जगहें देखने के लिए सही रूट बनाना जरूरी है. तो आइए जानते हैं कि 12-15 दिन की राजस्थान ट्रिप में कैसे ज्यादा से ज्यादा राजस्थान घूम सकते हैं.

जयपुर से करें ट्रिप की शुरुआत
राजस्थान घूमने की शुरुआत आप जयपुर से कर सकते हैं. यहां आमेर किला, हवा महल, सिटी पैलेस और जंतर-मंतर जैसी मशहूर जगहें हैं. इसके अलावा आप जल महल के आसपास घूम सकते हैं और शाम को जयपुर के बाजारों में खरीदारी कर सकते हैं. जयपुर में घूमने के लिए कम से कम 2 दिन रखें, ताकि आप यहां की ऐतिहासिक इमारतों और स्थानीय खाने का मजा ले सकें.

Advertisement

अजमेर और पुष्कर में घूमने जाएं
जयपुर के बाद अजमेर और पुष्कर को ट्रिप में शामिल करें. अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह जा सकते हैं. इसके बाद पुष्कर पहुंचकर पुष्कर झील और ब्रह्मा मंदिर के दर्शन कर सकते हैं. यहां के स्थानीय बाजारों में घूमने का भी अपना अलग मजा है. पुष्कर में एक रात रुककर अगले दिन आगे की यात्रा शुरू कर सकते हैं.

बीकानेर में देखें किले और हवेलियां
पुष्कर से बीकानेर जा सकते हैं. यहां जूनागढ़ किला, प्राचीन संग्रहालय और लालगढ़ पैलेस देखने लायक हैं. अगर आपको ऊंटों के बारे में जानने में दिलचस्पी है, तो ऊंट प्रजनन केंद्र भी जा सकते हैं. बीकानेर अपने भुजिया और स्थानीय खानपान के लिए भी जाना जाता है. यहां एक दिन में प्रमुख जगहें घूम सकते हैं.

जैसलमेर में लें रेगिस्तान का अनुभव
राजस्थान की ट्रिप में जैसलमेर को जरूर शामिल करें. यहां सोनार किला, जैन मंदिर, सलीम सिंह की हवेली और पटवों की हवेली देख सकते हैं. गड़ीसर झील और व्यास छतरी भी घूमने लायक जगहें हैं. इसके बाद सम सैंड ड्यून्स जाएं, जहां रेत के ऊंचे-ऊंचे टीलों का नजारा देखने को मिलता है. शाम को सूर्यास्त देख सकते हैं और चाहें तो ऊंट की सवारी भी कर सकते हैं. यहां रेगिस्तान के कैंप में रुकने और राजस्थानी लोक संगीत व नृत्य देखने का अनुभव भी ले सकते हैं.

Advertisement

जोधपुर में देखें नीला शहर
जैसलमेर के बाद जोधपुर का रुख करें. यहां मेहरानगढ़ किला, उम्मेद भवन पैलेस और जसवंत थड़ा प्रमुख पर्यटन स्थल हैं. पुराने शहर की नीली रंग की इमारतें देखने के लिए भी पर्यटक यहां आते हैं. शाम को घंटाघर और सरदार मार्केट के आसपास घूम सकते हैं. अगर समय मिले तो बिश्नोई गांव की सैर भी कर सकते हैं, जहां स्थानीय जीवन और प्रकृति संरक्षण से जुड़ी परंपराओं को करीब से जानने का मौका मिलता है.

माउंट आबू में लें पहाड़ी मौसम का मजा
अगर आप राजस्थान में किले और रेगिस्तान देखने के साथ पहाड़ी जगह पर भी समय बिताना चाहते हैं तो माउंट आबू जा सकते हैं. यहां दिलवाड़ा जैन मंदिर, गुरु शिखर और नक्की झील घूमने लायक जगहें हैं. ब्रह्माकुमारी आश्रम भी जा सकते हैं. नक्की झील के आसपास टहलना और यहां के शांत माहौल में समय बिताना परिवार के साथ अच्छा अनुभव हो सकता है.

रणकपुर और कुंभलगढ़ भी जाएं
माउंट आबू से उदयपुर जाते समय रणकपुर और कुंभलगढ़ को भी ट्रिप में शामिल कर सकते हैं. रणकपुर अपने जैन मंदिरों के लिए मशहूर है, जबकि कुंभलगढ़ का किला अपनी विशाल दीवारों और ऐतिहासिक महत्व के लिए जाना जाता है. इन जगहों पर घूमने से राजस्थान की वास्तुकला और इतिहास को करीब से जानने का मौका मिलता है. हालांकि, दोनों जगहों को कवर करने के लिए सफर का समय ध्यान में रखें.

Advertisement

उदयपुर में झीलों के किनारे बिताएं समय
उदयपुर को झीलों का शहर कहा जाता है. यहां सिटी पैलेस, जगदीश मंदिर, बागोर की हवेली और सहेलियों की बाड़ी देख सकते हैं. प्रताप स्मारक भी घूमने लायक जगह है. शाम को पिछोला झील में बोटिंग कर सकते हैं और सूर्यास्त का खूबसूरत नजारा देख सकते हैं. स्थानीय बाजारों में खरीदारी करने और राजस्थानी खाने का स्वाद लेने के लिए भी समय निकालें. उदयपुर में दो दिन रुकना अच्छा रहेगा.

बूंदी की ऐतिहासिक जगहें देखें
उदयपुर से रणथंभौर जाते समय बूंदी में रुक सकते हैं. यह शहर अपने पुराने महलों, बावड़ियों और ऐतिहासिक इमारतों के लिए जाना जाता है. यहां तारागढ़ किला और रानीजी की बावड़ी घूमने लायक जगहें हैं. अगर आपको इतिहास और पुरानी वास्तुकला पसंद है तो बूंदी आपकी ट्रिप को खास बना सकता है.

रणथंभौर में करें जंगल सफारी
राजस्थान की यात्रा में रणथंभौर नेशनल पार्क को भी शामिल कर सकते हैं. यहां जंगल सफारी के दौरान बाघ समेत कई वन्यजीवों और पक्षियों को देखने का मौका मिल सकता है. सफारी के लिए पहले से बुकिंग करना बेहतर रहता है. हालांकि, जंगल में बाघ या किसी दूसरे खास वन्यजीव को देख पाना निश्चित नहीं होता. परिवार के साथ यहां जाते समय पार्क के नियमों और सफारी के समय का ध्यान रखें.

Advertisement

भरतपुर में देखें पक्षियों की दुनिया
ट्रिप के आखिरी पड़ाव में भरतपुर जा सकते हैं. यहां केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान मशहूर है, जहां कई तरह के स्थानीय और प्रवासी पक्षी देखे जा सकते हैं. पक्षियों को करीब से देखने के लिए पैदल घूम सकते हैं या उपलब्ध साइकिल और रिक्शा सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं. अक्टूबर-नवंबर में पक्षियों को देखने की योजना बनाते समय मौसम और उस समय उनकी मौजूदगी की जानकारी जरूर ले लें.

15 दिन की राजस्थान ट्रिप का रूट कैसे बनाएं?

अगर आप जयपुर से अपनी यात्रा शुरू कर रहे हैं तो एक संभावित रूट इस तरह रख सकते हैं: जयपुर, अजमेर-पुष्कर, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, माउंट आबू, रणकपुर-कुंभलगढ़, उदयपुर, बूंदी, रणथंभौर और भरतपुर. आखिरी दिन भरतपुर से जयपुर लौटकर अपनी ट्रेन या फ्लाइट ले सकते हैं.

ध्यान रखें कि इस ट्रिप में कई शहरों के बीच लंबा सड़क सफर करना होगा. इसलिए होटल, ट्रेन या बस के टिकट और जंगल सफारी की बुकिंग पहले से कर लें. बच्चों या बुजुर्गों के साथ यात्रा कर रहे हैं तो सफर के बीच आराम के लिए समय रखें. सभी जगहों को जल्दबाजी में देखने के बजाय अपनी पसंद के हिसाब से कुछ जगहों को स्किप कर सकते हैं. कुछ जगहों पर ज्यादा समय देना बेहतर हो सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement