स्मार्टफोन की बैटरी जल्दी खत्म हो जाती है और बार-बार फोन चार्ज करना पड़ता है, तो Realme का आने वाला फोन आपके लिए खास हो सकता है. कंपनी की Realme 17 Pro Series को लेकर नई जानकारी सामने आई है. लीक के मुताबिक, इस सीरीज के फोन में 10,000mAh की बड़ी बैटरी और 200MP का कैमरा मिल सकता है. इसके अलावा फोन में OLED डिस्प्ले और MediaTek का प्रोसेसर भी मिलने की उम्मीद है. कंपनी ने अभी तक इन फीचर्स की ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुआ है.
10,000mAh की बैटरी से लैस हो सकता है फोन
Realme के आने वाले फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी बैटरी हो सकती है. लीक के मुताबिक, इसमें 10,000mAh की बैटरी दी जा सकती है. अगर ऐसा होता है, तो यह Realme 16 Pro Series में मिलने वाली 7,000mAh की बैटरी से काफी बड़ी होगी.
बड़ी बैटरी होने से उन लोगों को फायदा मिल सकता है, जो फोन पर गेम खेलते हैं, वीडियो देखते हैं या दिनभर इंटरनेट इस्तेमाल करते हैं. फोन एक बार चार्ज करने पर कितने घंटे चलेगा, यह उसके इस्तेमाल और दूसरे फीचर्स पर भी निर्भर करेगा. फोन की चार्जिंग स्पीड को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें: 10,001mAh बैटरी वाला भारत का पहला फोन, सेल में घटी Realme P4 Power की कीमत
200MP कैमरे के साथ मिल सकता है जूम फीचर
कैमरे की बात करें तो Realme के इस नए फोन में 200MP का मेन कैमरा मिल सकता है. इसके साथ 50MP का टेलीफोटो कैमरा भी दिया जा सकता है, जो 3.5x जूम को सपोर्ट कर सकता है. फोन में अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलने की भी उम्मीद है.
इस कैमरा सेटअप की मदद से यूजर्स अलग-अलग तरह की तस्वीरें ले सकेंगे. सिर्फ ज्यादा मेगापिक्सल होने से कैमरे की क्वालिटी बेहतर हो, यह जरूरी नहीं है. असली परफॉर्मेंस का पता फोन लॉन्च होने और कैमरा टेस्ट के बाद ही चलेगा.
यह भी पढ़ें: 8000mAh की बैटरी और डुअल चिप, Realme P4s भारत में लॉन्च, 3 हजार की छूट
डिस्प्ले और प्रोसेसर भी हो सकते हैं खास
लीक के मुताबिक, फोन में 1.5K रेजोल्यूशन वाली फ्लैट OLED डिस्प्ले मिल सकती है. इसका रिफ्रेश रेट 120Hz हो सकता है. वहीं, कुछ सपोर्टेड गेम्स में यह 165Hz तक जा सकता है. इससे गेमिंग और स्क्रीन पर स्क्रॉल करने का अनुभव बेहतर हो सकता है.
परफॉर्मेंस के लिए फोन में MediaTek Dimensity 7500 प्रोसेसर मिलने की बात कही जा रही है. कंपनी ने अभी रैम और स्टोरेज की जानकारी नहीं दी है.
यह भी पढ़ें: 8000mAh बैटरी के साथ लॉन्च हुआ Realme 16T, भारत में इतनी है कीमत, मिलेगा 3 हजार का डिस्काउंट
Realme 17 Pro या Pro+ नाम से हो सकती है एंट्री
अभी यह साफ नहीं है कि इस फोन को Realme 17 Pro नाम से लॉन्च किया जाएगा या Realme 17 Pro+ के नाम से. कंपनी ने इसकी लॉन्च डेट और कीमत का भी खुलासा नहीं किया है.
बता दें कि Realme ने इस साल जनवरी में Realme 16 Pro Series पेश की थी. अब नई सीरीज में बड़ी बैटरी और कैमरे जैसे फीचर्स मिलने की चर्चा है. लेकिन इन सभी जानकारियों को फिलहाल लीक के तौर पर ही देखना चाहिए. फोन के फीचर्स, कीमत और भारत में लॉन्च की सही जानकारी कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही सामने आएगी.