scorecardresearch
 

'विनेश को मत रोको, क्या मां बनना...', साक्षी मलिक का WFI पर हमला, PM मोदी से लगाई गुहार

ओलंपिक मेडलिस्ट साक्षी मलिक ने विनेश फोगाट की प्रतिस्पर्धी कुश्ती में वापसी को लेकर WFI के फैसले का विरोध किया है. साक्षी ने कहा कि मां बनने के बाद महिला खिलाड़ियों को मौका मिलना चाहिए, लेकिन WFI नियमों का हवाला देकर विनेश को रोक रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और WFI से विनेश को ट्रायल देने की अपील की.

Advertisement
X
100 ग्राम से टूटा सपना, अब वापसी पर विवाद... विनेश के लिए साक्षी की बड़ी अपील (Photo: PTI)
100 ग्राम से टूटा सपना, अब वापसी पर विवाद... विनेश के लिए साक्षी की बड़ी अपील (Photo: PTI)

भारतीय महिला कुश्ती एक बार फिर विवादों में है. इस बार मामला ओलंपियन विनेश फोगाट की रेसलिंग में वापसी को लेकर है, जिस पर अब ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मल‍िक (Sakshi Malik) खुलकर उनके समर्थन में उतर आई हैं.

दरअसल, व‍िनेश फोगाट ( Vinesh Phogat) ने रिटायरमेंट के बाद दोबारा प्रतिस्पर्धी कुश्ती में लौटने की कोशिश की और गोंडा में आयोजित नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पहुंचीं. हालांकि, भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया.

WFI का कहना है कि रिटायरमेंट के बाद वापसी करने वाले खिलाड़ियों को एंटी-डोपिंग नियमों के तहत कम से कम छह महीने पहले नोटिस देना अनिवार्य है. लेकिन विनेश ने इस फैसले को चुनौती दी है और पीछे हटने से इनकार कर दिया है.

अब इस पूरे विवाद पर साक्षी मलिक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी. साक्षी ने कहा कि वह आमतौर पर राजनीतिक मामलों में नहीं बोलतीं क्योंकि विनेश अब कांग्रेस विधायक हैं, लेकिन यह मुद्दा राजनीति से कहीं बड़ा है.

साक्षी ने कहा कि दुनिया के कई देशों में महिला खिलाड़ियों को मां बनने के बाद खेल में वापसी के लिए विशेष छूट और सहयोग दिया जाता है. लेकिन भारत में हालात उल्टे दिखाई दे रहे हैं.

उन्होंने कहा- दूसरे देशों में महिला खिलाड़ियों को मां बनने के बाद करियर जारी रखने के लिए प्रोत्साहन मिलता है, लेकिन हमारा फेडरेशन ऐसे नियम लेकर आया है जो विनेश की वापसी रोक रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 'देवी जी रायता फैलाकर गई हैं...', व‍िनेश फोगाट के आरोपों पर बृजभूषण शरण सिंह का तीखा हमला, VIDEO

Advertisement

साक्षी मलिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेल मंत्री मनसुख मंडाव‍िया और WFI से अपील करते हुए कहा कि विनेश को ट्रायल का मौका दिया जाना चाहिए ताकि वह फिर देश के लिए मेडल जीत सकें.

उन्होंने कहा- मैं प्रधानमंत्री, खेल मंत्री और WFI से अनुरोध करती हूं कि विनेश का ट्रायल लिया जाए. वह मां बनने के बाद भी देश के लिए मेडल जीत सकती हैं और महिलाओं के लिए मिसाल बन सकती हैं.

बता दें कि विनेश फोगाट ने 2024 ओलंप‍िक में दर्दनाक डिस्क्वालिफिकेशन के बाद संन्यास का ऐलान कर दिया था. पेरिस ओलंपिक में वह फाइनल से पहले महज 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण अयोग्य घोषित कर दी गई थीं.
इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और हरियाणा के जुलाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनीं. अब उनकी रेसलिंग में वापसी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement