पुर्तगाल के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दो गोल की मदद से मैनचेस्टर यूनाइटेड ने इंग्लिश प्रीमियर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में आर्सेनल पर 3-2 की रोमांचक जीत दर्ज की. रोनाल्डो ने इस दौरान शीर्ष स्तर की प्रतियोगिताओं में अपने 800 गोल पूरे किए. रोनाल्डो ने मैच के 52वें मिनट में गोल कर क्लब और देश के लिए मिलाकर 800 गोल के आंकड़े को पूरा किया. उन्होंने इसके बाद 70वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदल कर टीम की जीत सुनिश्चित की.
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इस मुकाबले 800 गोल पूरे करने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा. रोनाल्डो ने अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया और अपने साथी खिलाड़ियों को भी जीत के लिए बधाई दी.
इससे पहले एमिल स्मिथ ने 14वें और मार्टिन ओडेगार्ड ने 54वें मिनट में आर्सेनल के लिए , जबकि ब्रुनो फर्नांडेस ने 44वें मिनट में मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए गोल किया था. मैनचेस्टर की टीम ने जर्मनी के दिग्गज कोच राल्फ रेंगनिक के आधिकारिक तौर पर कार्यभार संभालने से पहले यह जीत दर्ज की. आर्सेनल के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद प्रीमियर लीग अंकतालिका में मैनचेस्टर युनाइटेड की टीम 7वें नंबर पर आ गई है वहीं आर्सेनल 5वें नंबर पर है.
पिछले महीने 21 तारीख को Ole Gunnar Solksjaer को बर्खास्त किए जाने के बाद पूर्व खिलाड़ी माइकल कैरिक मैनचेस्टर यूनाइटेड के प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे. कैरिक ने प्रभारी रहते टीम ने तीन मैच खेले, लेकिन उसे किसी में भी हार का सामना नहीं करना पड़ा. मैनचेस्टर यूनाइटेड का अगला मुकाबला प्रीमियर लीग में रविवार को क्रिस्टल पैलेस से होगा.