scorecardresearch
 

FIFA World Cup 2026: मोरक्को-फ्रांस मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'दंगल', आपस में भिड़े दो रिपोर्टर, स्टार फुटबॉलर का रिएक्शन वायरल

फ्रांस और मोरक्को के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों और रणनीति को लेकर चर्चा हो रही है. इसी बीच ब्राहिम डियाज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिपोर्टर्स के बीच हुआ विवाद भी सुर्खियों में आ गया है.

Advertisement
X
ब्राहिम डियाज मोरक्को की टीम का हिस्सा हैं. (Photo: Getty Images)
ब्राहिम डियाज मोरक्को की टीम का हिस्सा हैं. (Photo: Getty Images)

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में फ्रांस और मोरक्को की टक्कर होनी है. 10 जुलाई (शुक्रवार) को फॉक्सबोरो के बोस्टन स्टेडियम में निर्धारित इस ब्लॉकबस्टर मुकाबले से पहले मोरक्को के स्टार फुटबॉलर ब्राहिम डियाज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में जमकर बवाल हुआ. डियाज मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे, तभी दो रिपोर्टर आपस में भिड़ गए और हाथापाई भी हुई. अचानक मचे बवाल से डियाज हैरान रह गए. हालांकि, कुछ देर बाद वह अपनी हंसी नहीं रोक पाए. माहौल शांत होने पर जब प्रेस कॉन्फ्रेंस दोबारा शुरू हुई तो डियाज हंसते हुए बोले कि वो सवाल ही भूल गए हैं.

मोरक्को का फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अब तक शानदार प्रदर्शन रहा है. पिछले वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली मोरक्को की टीम इस बार खिताब की मजबूत दावेदार बनकर उभरी है. मोरक्को ने ब्राजील के खिलाफ ड्रॉ के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी. इसके बाद उसने स्कॉटलैंड और हैती को हराकर आसानी से राउंड ऑफ 32 में जगह बनाई.

नॉकआउट दौर में मोरक्को की राह आसान नहीं रही. नीदरलैंड्स के खिलाफ बेहद रोमांचक मुकाबला पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा, जहां मोरक्को के खिलाड़ियों ने दबाव में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की. इसके बाद राउंड ऑफ 16 में सह-मेजबान कनाडा को हराकर मोरक्को ने क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल किया.

अब अंतिम-8 में मोरक्को के सामने 2018 की वर्ल्ड चैम्पियन और खिताब की प्रबल दावेदार फ्रांस है. इस मुकाबले से पहले ब्राहिम डियाज मीडिया के सवालों का जवाब देने पहुंचे थे. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डियाज से मोरक्को की टीम की मानसिकता को लेकर सवाल किया गया. वह सवाल का जवाब दे ही रहे थे कि अचानक रिपोर्टर्स के बीच हंगामा शुरू हो गया.

Advertisement
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by BBC SPORT (@bbcsport)

एक रिपोर्टर को चिल्लाते हुए सुना गया, 'लेकिन तुमने मुझे क्यों मारा? तुमने मुझे क्यों मारा? तुम मुझे नहीं मार सकते.' अचानक हुई इस घटना के बाद डियाज ने बोलना बंद कर दिया और हैरानी से रिपोर्टर्स की तरफ देखने लगे. मंच पर मौजूद प्रेस अधिकारी ने स्थिति संभालने की कोशिश की,  इसके बावजूद विवाद तुरंत शांत नहीं हुआ. एक रिपोर्टर लगातार आरोप लगाता रहा कि दूसरे रिपोर्टर ने उसे मारा है.

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच हुए इस घटनाक्रम से ब्राहिम डियाज पहले तो हैरान नजर आए, लेकिन कुछ देर बाद वह अपनी हंसी नहीं रोक सके. रियल मैड्रिड के स्टार खिलाड़ी डियाज मुस्कुराते हुए पूरे घटनाक्रम को देखते रहे. आखिरकार मामला शांत हुआ और प्रेस कॉन्फ्रेंस दोबारा शुरू की गई. हालांकि, तब तक डियाज भूल चुके थे कि उनसे सवाल क्या पूछा गया था.

डियाज ने हंसते हुए कहा, 'मैं सवाल भूल गया हूं.' उनके इस जवाब के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस का माहौल भी हल्का हो गया. इसके बाद डियाज ने मोरक्को के प्रदर्शन और फ्रांस के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबले को लेकर अपनी बात रखी. डियाज ने कहा, 'हमने असाधारण मानसिकता दिखाई है और साबित किया है कि हम क्या हासिल करने में सक्षम हैं. हम आगे बढ़ते रहना चाहते हैं. गुरुवार को हमारे सामने बेहद महत्वपूर्ण मुकाबला है. हर खिलाड़ी इसमें खेलना चाहता है और लक्ष्य हासिल करने में अपना योगदान देना चाहता है.'

Advertisement

क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ब्राहिम डियाज का सामना अपने रियल मैड्रिड टीममेट कीलियन एम्बाप्पे से भी होगा. डियाज से जब फ्रांस के स्टार खिलाड़ी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने अपने क्लब टीममेट की जमकर तारीफ की. डियाज ने कहा, 'कीलियन एम्बाप्पे एक शानदार खिलाड़ी हैं और उनके पास असाधारण क्षमताएं हैं. हम मैदान पर आमने-सामने होंगे और दोनों टीमें जीत के इरादे से उतरेंगी. मैं मोरक्को को जीत दिलाने में मदद करने के लिए अपना सब कुछ झोंक दूंगा.'

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement