टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे ने खुलासा किया है कि आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के कुछ ही घंटों बाद वह फ्लाइट की बजाय ट्रेन से मुंबई क्यों पहुंचे थे. भारत ने 8 मार्च को न्यूजीलैंड को अहमदाबाद में हराकर फाइनल मुकाबला जीता था. मैच के बाद सभी खिलाड़ी जश्न में डूबे थे. लेकिन शिवम दुबे चुपके से ट्रेन से अपने घर मुंबई के लिए रवाना हो गए थे.
बेटे और पिता से मिलने की थी जल्दी
दुबे ने एक कार्यक्रम में बताया कि वर्ल्ड कप जीत के बाद भी उनके मन में बस घर जाने की जल्दी थी. उन्होंने कहा, घर जाकर मुझे अपने बच्चे और अपने पापा से मिलने की बहुत बेचैनी हो रही थी. इसलिए मैं सुबह-सुबह ही घर के लिए निकल गया. इंतजार ही नहीं हो रहा था.
फ्लाइट नहीं मिली, इसलिए ट्रेन से गए
दुबे ने बताया कि उन्होंने पहले अपने और परिवार के लिए फ्लाइट बुक करने की कोशिश की थी, लेकिन अहमदाबाद से मुंबई की सभी फ्लाइट्स फुल थीं. इसके बाद उन्होंने ट्रेन से जाने का फैसला किया.
यह भी पढ़ें: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से पढ़ीं अंजुम खान पर दिल हार बैठे थे शिवम दुबे, मजहब की दीवार तोड़ बनाया पत्नी
उन्होंने कहा, फ्लाइट नहीं मिल रही थी, इसलिए मैंने सुबह की ट्रेन से अहमदाबाद से मुंबई जाने का फैसला किया. सड़क से भी जा सकते थे, लेकिन ट्रेन ज्यादा तेज विकल्प था.
3-टियर एसी में किया सफर
दुबे अपनी पत्नी और एक दोस्त के साथ 3-टियर एसी कोच में सफर करके मुंबई पहुंचे. हालांकि उनके इस फैसले से परिवार और दोस्त थोड़े चिंतित भी थे. दुबे ने बताया कि सभी लोग पूछ रहे थे कि अगर स्टेशन या ट्रेन में किसी ने पहचान लिया तो क्या होगा.
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप में 17 छक्के जड़ने वाले शिवम दुबे ने बताया चैम्पियन बनने का सीक्रेट, कैसे एक मैच ने बदल दिया पूरा गेमप्लान
पहचान छिपाने के लिए पहना मास्क और कैप
फैंस की भीड़ से बचने के लिए दुबे ने खास तैयारी की थी. उन्होंने कैप, मास्क और फुल स्लीव टी-शर्ट पहन रखी थी ताकि कोई उन्हें पहचान न सके. उन्होंने सुबह 5:10 बजे की ट्रेन चुनी, ताकि उस समय प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम रहे. दुबे ने कहा कि वह ट्रेन छूटने से पांच मिनट पहले तक कार में ही बैठे रहे और फिर जल्दी से ट्रेन में चढ़ गए.