scorecardresearch
 

कौन हैं मुकुल चौधरी? जिन्होंने छक्कों की बारिश कर पलटा मैच, लखनऊ के खिलाफ चारों खाने चित हुई कोलकाता

आईपीएल 2026 में कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर एक नया सितारा चमका. लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी ने ऐसी पारी खेली, जिसने तीन बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों से जीता हुआ मैच छीन लिया.

Advertisement
X
मुकुल चौधरी ने तूफानी पारी खेली. (Photo: BCCI)
मुकुल चौधरी ने तूफानी पारी खेली. (Photo: BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 15वें मुकाबले में 9 अप्रैल (गुरुवार) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) आमने-सामने हुईं. ईडन गार्डन्स में आयोजित इस हाई-वोल्टेज मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 3 विकेट से हराया. कोलकाता ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ के सामने 182 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे मेहमान टीम ने मैच की आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया. 

लखनऊ सुपर जायंट्स की जीत के हीरो रहे 21 साल के मुकुल चौधरी रहे, जिन्होंने दबाव भरे मुकाबले में 27 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाकर मैच को पलट दिया. उनकी इस पारी में 7 छक्के और 2 चौके शामिल रहे. लखनऊ की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय मुश्किल में नजर आ रही थी. 128 रनों के स्कोर तक उसके सात विकेट गिर चुके थे और जीत लगभग कोलकाता के पाले में जा चुकी थी.

यहां से मुकल चौधरी ने पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली. 17वें ओवर में मुकुल चौधरी ने वैभव अरोड़ा को चौका और छक्का लगाया. फिर उन्होंने 18वें ओवर में कार्तिक त्यागी को दो छक्के लगाए. मुकुल ने 19वें ओवर में कैमरन ग्रीन को भी नहीं बख्शा. ग्रीन के उस ओवर में मुकुल ने दो छक्के जड़ने के अलावा एक चौका भी लगाया.

Advertisement

लखनऊ को अंतिम ओवर में जीत के लिए 14 रन चाहिए थे. वैभव अरोड़ा के उस ओवर में आवेश खान ने पहली गेंद पर सिंगल लिया. दूसरी गेंद पर मुकुल ने छक्का लगाकर प्रेशर कम किया. इसके बाद वैभव ने लगातार दो गेंद डॉट डाली. फिर मुकुल ने पांचवीं गेंद को छक्के के लिए भेज दिया. आखिरी गेंद पर 1 रन बनाने थे. मुकल आखिरी गेंद को कनेक्ट नहीं कर पाए, लेकिन वो बाय के तौर पर सिंगल लेने में जरूर कामयाब रहे, जिसके चलते लखनऊ की टीम ने मैच जीत लिया.

मुकुल चौधरी कौन हैंं और कैसा रहा है करियर?
मुकुल चौधरी दाएं हाथ के आक्रामक मिडिल ऑर्डर बैटर हैं. मुकुल का जन्म 6 अगस्त 2004 को राजस्थान के झुंझुनू हुआ था. मुकुल राजस्थान के लिए ही घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. मुकुल ने अब तक 4 फर्स्ट क्लास, 5 लिस्ट-ए और 10 टी20 मुकाबले खेले हैं. फर्स्ट क्लास मैचों में मुकुल ने 17.16 की औसत से 103 रन बनाए हैं. वही लिस्ट-ए क्रिकेट में मुकुल के नाम पर 14.20 की औसत से 71 रन दर्ज हैं. टी20 क्रिकेट में मुकुल ने 46.66 और 164.70 की स्ट्राइक रेट से 280 रन स्कोर किए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल रहे.

Mukul Choudhary
मुकल चौधरी घरेलू क्रिकेट में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हैं. (Photo: BCCI)

मुकुल चौधरी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2025-26 में तूफानी बैटिंग कर सुर्खियां बटोरी थीं. तब मुकुल ने पांच पारियों में 57.66 के एवरेज और 198.85 की स्ट्राइक रेट से 173 रन बना दिए थे, जिसमें 10 चौके और 13 छक्के शामिल रहे. आईपीएल 2026 के लिए हुई मिनी नीलामी में मुकुल को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2.60 करोड़ रुपये में खरीदा. मुकुल का बेस प्राइस 30 लाख रुपये था.

Advertisement

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स की बल्लेबाजी की बात करें, तो अंगकृष रघुवंशी ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए. वहीं कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 24 बॉल पर 41 रनों की तेजतर्रार पारी खेली. रोवमैन पॉवेल (नाबाद 39 रन) और कैमरन ग्रीन (नाबाद 32 रन) ने भी उपयोगी योगदान दिए. ग्रीन और पॉवेल की 70 रन की साझेदारी ने टीम को 181 रनों तक पहुंचाया.

रनचेज में लखनऊ की शुरुआत अच्छी रही और 41 रनों के स्कोर पर उसका पहला विकेट गिरा. सलामी बल्लेबाजों एडेन मार्करम ने 22 और मिचेल मार्श ने 15 रन बनाए. ओपनिंग साझेदारी के टूटने के बाद लखनऊ के विकेट्स गिरते चले गए. कप्तान ऋषभ पंत (10 रन), निकोलस पूरन (13 रन) और अब्दुल समद (2 रन) कुछ खास नहीं कर सके. आयुष बदोनी (54) ने लड़ाई जारी रखी, लेकिन उनके आउट होते ही मैच लगभग खत्म माना जा रहा था. यहीं से मुकुल चौधरी ने 'फिनिशर मोड' ऑन किया और अकेले दम पर मैच पलट दिया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement