पूर्व भारतीय विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने अपने बेटे आर्यावीर के जन्मदिन पर एक बेहद भावुक और प्यारा मैसेज शेयर किया है. सहवाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपने बेटे के साथ कई तस्वीरें शेयर करते हुए उसे बर्थडे की बधाई दी है.
वीरेंद्र सहवाग की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है. एक पिता के रूप में बेटे के बड़े होने और अपने सपनों को पूरा करते देखने की खुशी सहवाग के इस पोस्ट में साफ झलक रही है. आर्यवीर सहवाग का जन्म 19 अक्टूबर 2007 को हुआ था. अब वह 19 साल के हो गए हैं.
अपने बेटे के लिए लिखे गए दिल को छू लेने वाले पोस्ट में वीरेंद्र सहवाग ने लिखा कि कल तक उंगली पकड़कर चलना सिखाया, आज तुझे अपने सपनों की तरफ दौड़ते देख रहा हूं. एक पिता के रूप में, तुम्हें अपने दम पर आगे बढ़ते, अपने सपनों का पीछा करते और अपनी खुद की पहचान बनाते देखने से ज्यादा खुशी मुझे किसी चीज से नहीं मिलती.
सहवाग ने अपने बेटे को यह भी सीख दी कि उसके पास हमेशा बड़े सपने देखने की हिम्मत, कड़ी मेहनत करने का अनुशासन और हमेशा सीखते रहने की विनम्रता होनी चाहिए. इससे पहले भी सहवाग अपने बेटे पर प्यार लुटाते रहे हैं.
इस पोस्ट में सहवाग ने आगे लिखा कि अपनी पहचान खुद बनाना, अपने सपनों के लिए लड़ना और जिंदगी को हमेशा खुलकर जीना. यह दुनिया तुम्हारी है जीतने के लिए, बेटा! मैं हमेशा तुम्हारे लिए चीयर कर रहा हूं. सहवाग के इस पोस्ट पर फैन्स के अलावा जानी-मानी एक्ट्रेस और टेलीविजन पर्सनालिटी काजल राघवानी ने भी कमेंट कर आर्यावीर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं.
मैदान पर भी जलवा बिखेर रहे हैं आर्यावीर
वीरेंद्र सहवाग के लाडले आर्यावीर सिर्फ सोशल मीडिया पर ही नहीं, बल्कि क्रिकेट के मैदान पर भी अपनी धाक जमा रहे हैं. 19 साल के आर्यावीर ने हाल ही में अंडर-19 विनू मांकड़ ट्रॉफी में चंडीगढ़ के खिलाफ दिल्ली की कप्तानी करते हुए शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया था.
उन्होंने इस मैच में 143 गेंदों पर धुआंधार 173 रनों की पारी खेली थी, जिसमें 19 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. भारत के लिए अंडर-19 स्तर पर खेल चुके आर्यावीर अपनी शानदार पारियों के दम पर लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं, और पिता सहवाग का यह बर्थडे पोस्ट एक गर्व से भरे पिता के प्यार को बयां करता है.