scorecardresearch
 

जुबान फ‍िसली या हद भूले! बुमराह को सहवाग ने कहा चुमराह? चर्चा में VIDEO

IPL 2026 के दौरान हिंदी कमेंट्री में वीरेंद्र सहवाग ने जसप्रीत बुमराह को गलती से 'चुमराह' कह दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. कुछ फैन्स ने इसे जुबान फिसलना बताया, जबकि कई लोगों ने इसे जानबूझकर किया गया मजाक बताया. मुंबई इंडियंस के खराब प्रदर्शन और बुमराह की फॉर्म को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं.

Advertisement
X
‘चुमराह’ शब्द से बढ़ा विवाद, कमेंट्री बॉक्स से X तक छाया मामला (Photo: ITG)
‘चुमराह’ शब्द से बढ़ा विवाद, कमेंट्री बॉक्स से X तक छाया मामला (Photo: ITG)

इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL) 2026 के बीच पूर्व भारतीय ओपनर और कमेंटेटर वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) एक नए विवाद में घिर गए हैं. मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मुकाबले के बाद लाइव शो के दौरान सहवाग ने स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को ‘चुमराह’ कह दिया. हालांकि उन्होंने तुरंत खुद को सुधारते हुए 'बुमराह' कहा, लेकिन तब तक यह क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी थी.

सहवाग आईपीएल (IPL) 2026 में आधिकारिक ब्रॉडकास्टर के हिंदी पैनल का हिस्सा हैं. उनके साथ हरभजन सिंह, सुरेश रैना, इरफान पठान, आकाश चोपड़ा और रविचंद्रन अश्विन जैसे पूर्व खिलाड़ी भी कमेंट्री कर रहे हैं. वीरू अपनी तेज रफ्तार कमेंट्री, देसी अंदाज और मजाकिया टिप्पणियों के लिए जाने जाते हैं. हालांकि, जिस वीड‍ियो में वो चर्चा कर रहे थे, वो क्रिकबज का है. 

यह मामला उस समय सामने आया जब सहवाग मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी पर चर्चा कर रहे थे. उन्होंने खिलाड़ियों के नाम लेते हुए कहा-दीपक चाहर हो, शार्दुल ठाकुर हो, हार्दिक पंड्या हो, चुमराह हो... (बुमराह) हो.

तेज रफ्तार में बोलते हुए उनकी जुबान फिसली या यह मजाक था, इसी बात को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बहस छिड़ गई. कई फैन्स  ने इसे सामान्य गलती बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसे बुमराह की खराब फॉर्म पर तंज माना.

Advertisement

सहवाग पहले भी अपने ‘वीरू-इज्म’ और शब्दों के खेल की वजह से चर्चा में रहे हैं. उनकी कमेंट्री में अक्सर देसी स्लैंग, मजाक और खिलाड़ियों के नामों के साथ प्रयोग देखने को मिलता है. हालांकि इस बार उनका यही अंदाज विवाद की वजह बन गया.

दूसरी ओर IPL 2026 में जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. मुंबई इंडियंस के इस तेज गेंदबाज ने 11 मैचों में सिर्फ 3 विकेट लिए हैं. उनका औसत 116.33 और इकॉनमी रेट 8.51 का रहा है. गुजरात  टाइटन्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने लंबे समय बाद विकेट हासिल कर विकेटलेस सिलसिला खत्म किया था.

मुंबई इंडियंस की टीम भी इस सीजन संघर्ष करती नजर आई है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ करीबी हार के बाद टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई. फिलहाल मुंबई इंडियंस 11 मैचों में सिर्फ 3 जीत के साथ अंकतालिका में नौवें स्थान पर है.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement