श्रीनगर के मशहूर बख्शी स्टेडियम से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां क्रिकेट के मैदान पर खेल का रोमांच अचानक हिंसक झड़प में बदल गया. रेड प्रीमियर लीग (RPL) के एक अहम सेमीफाइनल मुकाबले के बाद मैदान पर जमकर लात-घूंसे चले.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. इस वायरल वीडियो में कश्मीरी क्रिकेटर जहांगीर लोन एक दर्शक के साथ हाथापाई करते हुए नजर आ रहे हैं, जिसके बाद से खेल फैन्स के बीच इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है.
यह पूरी घटना रविवार को खेली गई सेमीफाइनल मैच के बाद हुई. इस मैच में आथवास इंडिया इलेवन ने रॉयल गुडविल सीसी को 3 विकेट से हरा दिया. इस हार के बाद मैदान पर तनाव का माहौल बन गया. जैसे ही विजेता टीम के समर्थक जीत का जश्न मनाने के लिए मैदान के अंदर आ गए और हारी हुई टीम के खिलाड़ी पवेलियन की तरफ लौट रहे थे, तभी रॉयल गुडविल सीसी के लिए खेल रहे जहांगीर लोन और एक दर्शक के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जहांगीर लोन सफेद स्वैपशर्ट और जींस पहने एक शख्स से उलझते हैं. फिर अचानक उन पर थप्पड़ और घूंसे बरसाने शुरू कर देते हैं. स्थिति इतनी बिगड़ जाती है कि वहां मौजूद अन्य लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते हैं, लेकिन खिलाड़ी का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं लेता.
Jehangir lone fight with spectator at Bakhshi stadium https://t.co/tmd03QPhZ6
— umer rashid (@Cyclistumar) October 19, 2026
क्रिकेटर जहांगीर लोन ने दी अपनी सफाई
इस पूरे विवाद के तूल पकड़ने के बाद क्रिकेटर जहांगीर लोन ने एक स्थानीय मीडिया संस्थान से बातचीत करते हुए अपनी सफाई पेश की है. उन्होंने दावा किया कि जब उनकी टीम पवेलियन की तरफ जा रही थी, तब विपक्षी टीम के समर्थकों और दर्शकों ने उन्हें लगातार गालियां दीं.
#Watch | Mere se bardasht nahi hogi gali Jehangir Lone Clarifies Bakshi Stadium Incident in Exclusive Phone Conversation; Shares His Side of the Story #JehangirLone https://t.co/47U4FewsEV
— Early Times Jammu (@earlytimesjk) October 19, 2026
जहांगीर का आरोप है कि उन्हें और उनकी मां को लेकर बेहद अपमानजनक और भद्दी गालियां दी गईं, जिससे वह खुद को रोक नहीं पाए. अपने गुस्से का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि मैं अपने या अपनी मां के खिलाफ ऐसी भद्दी गालियां कतई बर्दाश्त नहीं कर सकता. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि गर्मी और आवेश में आकर उन्होंने अपना आपा खो दिया था, जिसके बाद यह घटना घटी.