IND vs ENG T20I 2026: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार (1 जुलाई) को चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में है. मुकाबले से कुछ घंटे पहले भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने नेट्स में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींच लिया. अभ्यास सत्र का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
स्टार स्पोर्ट्स द्वारा शेयर किए गए वीडियो में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी लगातार क्रीज से बाहर निकलकर बड़े शॉट लगाते नजर आ रहे हैं. वीडियो में वह गेंदबाजों पर हावी दिखे और कई गेंदों को सीधे बाउंड्री के बाहर पहुंचाया. वीडियो के साथ स्टार स्पोर्ट्स ने लिखा- Dancing down the track and launching them big.
Dancing down the track and launching them big! 🚀#VaibhavSooryavanshi in supreme touch ahead of #ENGvIND 1st T20I 🫡
— Star Sports (@StarSportsIndia) July 1, 2026
Is today the day we see the prodigy make history on his senior India debut? 🇮🇳✨#ENGvIND 👉 1st T20I | WED, 1st JULY, 𝟗 𝐏𝐌 on JioHotstar pic.twitter.com/6Yr5zuCIpM
क्या आज मिलेगा वैभव को डेब्यू का मौका?
वैभव सूर्यवंशी अभी तक भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू नहीं कर सके हैं. उन्हें आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम में चुना गया था, लेकिन दोनों मुकाबलों में बेंच पर ही बैठना पड़ा. भारत वह सीरीज 0-2 से हार गया था.
आयरलैंड दौरे में भारत के टॉप ऑर्डर का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा. संजू सैमसन दोनों मैचों में गोल्डन डक का शिकार बने, जबकि ईशान किशन दूसरे मुकाबले में सिर्फ 12 रन बना सके. ऐसे में क्रिकेट फैन्स और स्पेशलिस्ट्स की ओर से लगातार मांग उठ रही है कि वैभव को इंग्लैंड सीरीज में मौका दिया जाए.
आईपीएल और अंडर-19 वर्ल्ड कप में किया था कमाल
वैभव सूर्यवंशी शानदार फॉर्म में हैं. आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा और उन्होंने ऑरेंज कैप भी अपने नाम की.
इसके अलावा वैभव 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी रहे. हाल ही में श्रीलंका में खेली गई भारत ए त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों पर 94 रन की तूफानी पारी खेली थी.
डेब्यू हुआ तो बनेगा बड़ा रिकॉर्ड
बैटिंग कोच सितांशु कोटक पहले ही साफ कर चुके हैं कि वैभव के डेब्यू पर अंतिम फैसला हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर लेंगे. अगर इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में वैभव को मौका मिलता है तो वह भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल केट खेलने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष खिलाड़ी बन जाएंगे. इसके साथ ही वह सचिन तेंदुलकर के तीन दशक पुराने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देंगे.
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 10 बजे शुरू होगा. इसके बाद दोनों टीमें ओल्ड ट्रैफर्ड, ट्रेंट ब्रिज, ब्रिस्टल और साउथैम्प्टन के रोज बाउल में बाकी मुकाबले खेलेंगी.