scorecardresearch
 

पति, सास-ससुर सब बीमार! चाय में शीशी से क्या मिलाती थी पत्नी? हिडन कैमरे की रिकॉर्डिंग ने उड़ाए होश

कानपुर के एक चार्टर्ड अकाउंटेंट ने अपनी पत्नी पर चाय में केमिकल मिलाकर धीरे-धीरे जहर देने का आरोप लगाया है. पति का दावा है कि उसने हिडन कैमरे में कथित तौर पर पत्नी की गतिविधि रिकॉर्ड की और उसी के आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
चार्टर्ड अकाउंटेंट ने पत्नी पर लगाया धीमा जहर देने का आरोप. (Photo: Ranjay Singh/ITG)
चार्टर्ड अकाउंटेंट ने पत्नी पर लगाया धीमा जहर देने का आरोप. (Photo: Ranjay Singh/ITG)

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां एक चार्टर्ड अकाउंटेंट ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है कि वो उसे चाय में केमिकल मिलाकर धीरे-धीरे जहर देने की कोशिश कर रही है. पति का दावा है कि उसे अपनी पत्नी पर शक हुआ, जिसके बाद उसने घर में हिडन कैमरे लगवाए. उसका कहना है कि कैमरे की रिकॉर्डिंग में पत्नी चाय में किसी शीशी से कुछ मिलाती हुई दिखाई दी. इसी रिकॉर्डिंग के आधार पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक, रावतपुर निवासी हिमांशु चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और पुणे में काम करते हैं. उनकी पत्नी ज्योति गुप्ता सरकारी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन हैं. हिमांशु का कहना है कि दोनों की शादी करीब दो साल पहले हुई थी. हिमांशु का आरोप है कि शादी के बाद से ही उन्हें पत्नी के व्यवहार पर शक होने लगा था. उनका कहना है कि पत्नी अक्सर घर में विवाद करती थी.

इसी बीच पहले उनके पिता की तबीयत खराब हुई, फिर उनकी मां की और बाद में उनकी भी तबीयत बिगड़ने लगी. हिमांशु का दावा है कि तीनों में बीमारी के लक्षण एक जैसे थे, जिससे उनका शक और गहरा हो गया. पति के अनुसार, शक होने के बाद उन्होंने बिना किसी को बताए घर में कई हिडन कैमरे लगवाए. उन्होंने किचन में भी दो हिडन कैमरे लगाए ताकि यह पता चल सके कि कहीं खाने-पीने की चीजों में कुछ मिलाया तो नहीं जा रहा.

Advertisement

शक होने पर घर और किचन में लगवाए हिडन कैमरे

हिमांशु का दावा है कि जब उन्होंने कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी तो उसमें उनकी पत्नी चाय बनाने के बाद एक छोटी सी शीशी से उसमें कुछ मिलाती हुई दिखाई दी. उनका कहना है कि जब उन्होंने इस बारे में पत्नी से सवाल किया तो वह जवाब देने के बजाय झगड़ा करने लगी. हिमांशु ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी मां ने भी एक दिन पत्नी को चाय में कुछ मिलाते हुए देखा था. इसके बाद उन्होंने अपनी, अपने पिता और मां की पैथोलॉजी जांच कराई.

उनका दावा है कि तीनों की रिपोर्ट में एक जैसे लक्षण सामने आए. पति का आरोप है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत अपने साले से भी की थी. उनका कहना है कि साले ने उनसे 70 लाख रुपये देने पर तलाक कराने और रिश्ता खत्म करने की बात कही. साथ ही आरोप लगाया कि रुपये नहीं देने पर दहेज का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी गई.

हिमांशु ने यह भी दावा किया कि उनकी पत्नी टीवी पर क्राइम आधारित कार्यक्रम देखकर उसी तरह की योजना अपनाने की बात करती थी. हालांकि यह पति का आरोप है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. आखिरकार हिमांशु ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त से की. शिकायत के साथ उन्होंने हिडन कैमरे की कथित रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है.

Advertisement

शिकायत के आधार पर पुलिस ने दर्ज किया केस

मामले पर एसीपी दिलीप सिंह ने बताया कि एक शख्स ने अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत दी है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पत्नी ने चाय में कोई रासायनिक पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया. उन्होंने कहा कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पति द्वारा लगाए गए आरोपों, कथित सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. मामले की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement