scorecardresearch
 

'कुदरत का निजाम' कराएगा पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप से आउट? श्रीलंका संग निर्णायक मुकाबला, कीवियों की भी अटकी सांसें

पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में समीकरणों को अपने पक्ष में करना होगा, तभी वो अंतिम-चार में पहुंच पाएगा. पाकिस्तान-श्रीलंका मैच पर कीवी टीम की भी निगाहें टिकी हैं. इंग्लैंड ग्रुप-2 से पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुका है.

Advertisement
X
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान सेमीफाइनल की रेस में बरकरार है. (Photo: Getty)
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान सेमीफाइनल की रेस में बरकरार है. (Photo: Getty)

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार (28 फरवरी) को पल्लेकेले के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से होना है. पाकिस्तान के लिए यह 'करो या मरो' मैच है जहां उसे सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए सिर्फ जीत नहीं, बल्कि बड़ी जीत की दरकार है.

शुक्रवार को इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर पाकिस्तान को बड़ा मौका दे दिया. अगर न्यूजीलैंड वह मैच जीत जाता, तो समीकरण साफ हो जाता. लेकिन अब पाकिस्तान के पास अपनी किस्मत खुद लिखने का अवसर है. पहले बल्लेबाजी करने पर पाकिस्तानी टीम के लिए 64 रनों से जीत जरूरी होगा. वहीं रनचेज के दौरान 13.1 ओवर में लक्ष्य हासिल करना होगा. यदि पाकिस्तानी टीम ऐसा कर पाती है तो वो सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. अन्यथा न्यूजीलैंड की अंतिम-चार में एंट्री हो जाएगी.

बारिश से धुला मैच तो क्या होगा?
फैन्स के मन में सवाल है कि अगर मैच बारिश से रद्द होता है तो क्या होगा? अगर मैच बारिश से रद्द होता है, तो पाकिस्तान अधिकतम 2 अंक तक ही पहुंचेगा और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में चला जाएगा. पाकिस्तानी फैन्स अक्सर ‘कुदरत का निजाम’ (प्रकृति का खेल) की बात करते हैं, लेकिन 'कुदरत का निजाम' तो फिलहाल पाकिस्तान के खिलाफ जाता दिख रहा है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड की हार से आ गया ट्विस्ट... पाकिस्तान के लिए खुले सेमीफाइनल के रास्ते, जानें पूरा गणित

वैसे पल्लेकेले में आज बारिश की संभावना सिर्फ 1 प्रतिशत है, जबकि तापमान 19 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. यानी मुकाबला पूरे 20 ओवर का होने की उम्मीद है. मुकाबला पूरा होने पर भी पाकिस्तान तभी सेमीफाइनल में पहुंच पाएगा, जब वो बड़ी जीत हासिल करेगा. श्रीलंकाई टीम अपने घर में खलेगी, ऐसे में निश्चित तौर पर उसे थोड़ा एडवांटेज रहेगा.

'कुदरत का निजाम’ की कहानी बेहद दिलचस्प
'कुदरत का निजाम' की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है. साल 2022 में पाकिस्तान के तत्कालीन कोच सकलैन मुश्ताक ने इसका इस्तेमाल किया था. उन्होंने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में पाकिस्तान की हार के बाद कहा था कि सब कुछ 'कुदरत के निजाम' से चलता है, यानी जो होना है, वही होगा.

टी20 वर्ल्ड कप 2022 के दौरान पाकिस्तान की सेमीफाइनल की राह लगभग बंद मानी जा रही थी. लेकिन फिर नीदरलैंड्स ने बड़ा उलटफेर करते हुए साउथ अफ्रीका को हरा दिया. इस हार की दुआ पाकिस्तान के फैन्स भी कर रहे थे क्योंकि अगर साउ अफ्रीका जीत जाता तो पाकिस्तान बाहर हो जाता. नीदरलैंड्स की जीत ने समीकरण बदल दिया और पाकिस्तान को मौका मिल गया.

Advertisement

इसके बाद पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और फिर फाइनल तक पहुंच गया. यहीं से 'कुदरत का निजाम' सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा.अब एक बार फिर वही जुमला चर्चा में है. फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार पाकिस्तान को 'कुदरत' से ज्यादा अपने प्रदर्शन पर भरोसा करना होगा.

अगर पाकिस्तान क्वालीफाई करता है तो पहला सेमीफाइनल आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होगा. अगर न्यूजीलैंड आगे बढ़ता है तो मुकाबला ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान का रिकॉर्ड श्रीलंका के खिलाफ बेहतर रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए मैचों में पाकिस्तान 17-12 से आगे है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement