scorecardresearch
 

RCB के सामने क्यों बिखर गई GT? शुभमन गिल ने हार के बाद क‍िसे ठहराया जिम्मेदार

आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 में RCB ने गुजरात टाइटन्स को एकतरफा मुकाबले में हराकर फाइनल में जगह बना ली. राजत पाटीदार की 33 गेंदों में 93* रन की विस्फोटक पारी और गेंदबाजों के कहर के सामने GT पूरी तरह बिखर गई. हार के बाद कप्तान शुभमन गिल ने खराब फील्डिंग और दबाव में गलतियों को हार की सबसे बड़ी वजह बताया.

Advertisement
X
‘हमारी फील्डिंग मैच के लायक नहीं थी...’ हार के बाद गिल का बड़ा बयान (Photo: PTI)
‘हमारी फील्डिंग मैच के लायक नहीं थी...’ हार के बाद गिल का बड़ा बयान (Photo: PTI)

आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटन्स को पूरी तरह रौंदते हुए फाइनल का टिकट कटाया. लीग स्टेज में दोनों टीमों के बीच सिर्फ नेट रनरेट का फर्क था, लेकिन अहम मुकाबले में RCB ने एकतरफा दबदबा दिखाया.

मुकाबले की शुरुआत में ऐसा नहीं लग रहा था कि गुजरात इतनी बुरी तरह बिखर जाएगी. पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB को वेंकटेश अय्यर ने तेज शुरुआत दिलाई. इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने 72 रन की साझेदारी कर पारी को मजबूत किया.

एक समय गुजरात मुकाबले में वापसी करती दिख रही थी, जब जेसन होल्डर ने एक ही ओवर में कोहली और पडिक्कल को आउट कर दिया. लेकिन इसके बाद राजत पाटीदार ने मैच का पूरा रुख बदल दिया.

RCB कप्तान पाटीदार को 20 रन पर जीवनदान मिला और फिर उन्होंने गुजरात के गेंदबाजों पर कहर बरपा दिया. पाटीदार ने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 93 रन ठोक दिए. उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत RCB ने 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया.

255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने शुरुआती पांच ओवर में ही अपने टॉप-3 बल्लेबाज गंवा दिए. साई सुदर्शन बेहद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से हिट विकेट होकर आउट हुए. इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने शुभमन गिल को चलता किया, जबकि जोश हेजलवुड ने लगातार तीन गेंदों पर 14 रन खाने के बाद जोस बटलर का विकेट झटक लिया.

Advertisement

रस‍िक  सलाम डार ने डबल विकेट मेडन डालकर गुजरात की बची-खुची उम्मीदें भी खत्म कर दीं. एक समय GT का स्कोर 51/5 था, जो जल्द ही 88/8 हो गया. हालांकि राहुल तेवतिया ने संघर्ष जरूर किया. इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे तेवतिया ने आईपीएल करियर की दूसरी फिफ्टी लगाई और लेग साइड में कई बड़े शॉट खेले, लेकिन उनकी पारी सिर्फ हार का अंतर कम कर सकी.

हार के बाद क्या बोले शुभमन गिल?

मैच के बाद गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने साफ तौर पर टीम की खराब फील्डिंग को हार का सबसे बड़ा कारण बताया.

गिल ने कहा- हम 12वें-13वें ओवर तक मुकाबले में थे, लेकिन हमारी फील्डिंग उस स्तर की नहीं थी. हमने कुछ कैच छोड़े और ग्राउंड फील्डिंग भी खराब रही.उन्होंने माना कि टीम दबाव के क्षणों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी.गिल ने कहा- हम टीम मीटिंग और प्रैक्टिस में इन चीजों पर बात करते हैं, लेकिन आज हमारा दिन नहीं था. इंटेंसिटी थी, मगर प्रेशर सिचुएशन में हम कमजोर पड़ गए.

GT कप्तान ने यह भी कहा कि अगर टीम पावरप्ले में अच्छी शुरुआत कर लेती तो इतने बड़े लक्ष्य का पीछा भी संभव था. साई सुदर्शन के हिट विकेट आउट होने पर गिल ने कहा कि इस तरह का विकेट बहुत कम देखने को मिलता है और यह टीम के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण रहा. अब गुजरात टाइटन्स को फाइनल की उम्मीद जिंदा रखने के लिए अगले मुकाबले में वापसी करनी होगी, जबकि RCB पूरे आत्मविश्वास के साथ खिताबी मुकाबले में उतरने वाली है.

Advertisement

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement