विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं मिली है. सैमसन का नाम 15 सदस्यीय भारतीय टीम में नहीं होने के बाद चयनकर्ताओं के फैसले पर सवाल उठने लगे थे. हालांकि, अब भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने साफ किया है कि संजू सैमसन को टीम से ड्रॉप नहीं किया गया है, बल्कि उन्हें आराम दिया गया है.
जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए सोमवार (6 जुलाई) को भारतीय टीम का ऐलान किया गया. इस टीम में प्रभसिमरन सिंह, अभिषेक शर्मा और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के रूप में तीन सलामी बल्लेबाजों को जगह दी गई है. वहीं, संजू सैमसन का नाम टीम में नहीं होने से उनके प्रशंसक हैरान रह गए.
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सूत्र ने सैमसन को टीम में नहीं चुने जाने की वजह बताई. सूत्र ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि संजू सैमसन को जिम्बाब्वे दौरे पर प्लेइंग इलेवन में मौका मिलने की संभावना बेहद कम थी. ऐसे में उन्हें टीम के साथ ले जाने के बजाय आराम देने और युवा खिलाड़ियों को मौका देने का फैसला किया गया.
एशियन गेम्स में भाग लेंगे सैमसन
सूत्र ने कहा, 'संजू को जिम्बाब्वे दौरे के लिए आराम दिए जाने पर इतनी हैरानी क्यों हो रही है. जो लोग इस फैसले पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि संजू सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं. चयन समिति की आलोचना करने वालों को थोड़ा होमवर्क करना चाहिए. जब संजू को खेलना ही नहीं है तो उन्हें टीम के साथ ले जाने का क्या मतलब है? वह एक सीनियर खिलाड़ी हैं.'
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन को 'आराम', मयंक-रिंकू का कमबैक, यंग खिलाड़ियों पर दांव... टीम सेलेक्शन की 5 बड़ी बातें
संजू सैमसन के टीम से बाहर होने की चर्चा इसलिए भी तेज हो गई क्योंकि हाल के मुकाबलों में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था. आयरलैंड दौरे पर उन्होंने 0 और 5 रन बनाए थे. इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में वह सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए. लगातार तीन खराब पारियों के बाद इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में सैमसन को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला.
यह भी पढ़ें: बिश्नोई OUT, प्रिंस यादव IN... तीसरे टी20 में बदलेगी टीम इंडिया की प्लेइंग-11, वैभव सूर्यवंशी पर निगाहें
इसके बाद जब जिम्बाब्वे दौरे के लिए घोषित टीम में भी संजू सैमसन का नाम नहीं आया तो माना जाने लगा कि चयनकर्ताओं ने उन्हें ड्रॉप कर दिया है. संजू सैमसन के हालिया प्रदर्शन में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वह पांच मैचों में सिर्फ 46 रन बना सके थे. इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने जबरदस्त वापसी की और भारत को चैम्पियन बनाने में अहम भूमिका निभाई.
संजू सैमसन ने टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों में नाबाद 97, 89 और 89 रनों की शानदार पारियां खेली थीं. इस दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी चुना गया था. इसके बाद आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में सैमसन ने 14 मैच खेलकर 477 रन बनाए. हालांकि, आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती मुकाबलों में उनका बल्ला नहीं चला.