भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष संदीप पाटिल ने टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ियों को लेकर कई बातों का जिक्र किया है. संदीप पाटिल ने अपने कार्यकाल (2012-2016) के दौरान कई दिग्गजों के बाहर होने के पीछे की असली वजह का खुलासा किया है.
दूरदर्शन के शो द ग्रेट इंडियन क्रिकेट शो में बातचीत करते हुए पाटिल ने बताया कि सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, गौतम गंभीर और जहीर खान जैसे महान खिलाड़ियों को आखिर क्यों टीम से बाहर होना पड़ा था. जिसके बाद उन्हें संन्यास लेना पड़ा.
संदीप पाटिल ने साफ किया कि ये कड़े फैसले उन्होंने अकेले नहीं लिए थे, बल्कि पांच सदस्यीय चयन समिति ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया था. उन्होंने कहा कि आज इस बारे में बात करते हुए बहुत बुरा लगता है कि सचिन तेंदुलकर, गौतम गंभीर, युवराज सिंह और जहीर खान जैसे दिग्गजों को टीम छोड़नी पड़ी या संन्यास लेना पड़ा.
पाटिल के मुताबिक ये सभी खिलाड़ी इसके पीछे का कारण अच्छी तरह जानते हैं. चयनकर्ता के रूप में हमारा काम देश, बीसीसीआई और भारतीय क्रिकेट के हितों को सबसे पहले रखना था. पाटिल ने इस बात को स्वीकार किया कि खिलाड़ियों के साथ व्यक्तिगत संबंध होना आम बात है, लेकिन जब आप देश की जिम्मेदारी संभाल रहे हों, तो व्यक्तिगत प्राथमिकताओं को किनारे रखना पड़ता है.
ये भी पढ़ें- रिंकू सिंह पर प्रिया सरोज ने लुटाया बेपनाह प्यार, बर्थडे पर सरेआम कही दिल की बात
उन्होंने कहा कि आप खिलाड़ियों के दोस्त हो सकते हैं, लेकिन एक लक्ष्मण रेखा खींचनी पड़ती है. आप यह नहीं कह सकते कि वह मेरा दोस्त है, इसलिए मैं उसे टीम में चुनूंगा. जब आपको यह जिम्मेदारी मिलती है तो आपको इसे गंभीरता से लेना होता है.
ये भी पढ़ें- 'बेइज्जती मत करा लियो...', अभिषेक शर्मा के बल्ले से प्रिंस यादव ने लगाई चौकों की हैट्रिक, खुद किया मजेदार खुलासा
आप अपने बारे में नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट और उसके भविष्य के बारे में सोचते हैं. कई बार आपको ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं जिनसे आप खुद खुश नहीं होते, लेकिन भारतीय टीम की भलाई के लिए आपको ऐसा करना ही पड़ता है.