scorecardresearch
 

मुंबई इंडियंस में फिर होगी रोहित शर्मा की ताजपोशी, हार्दिक पंड्या की कप्तानी पर संकट!

रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच आईपीएल खिताब जीते. रोहित शर्मा अब दोबारा मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालते नजर आ सकते हैं. रोहित शर्मा फिलहाल न्यूजीलैंड दौरे पर हैं, जहां वो पांच मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे.

Advertisement
X
रोहित शर्मा का कप्तान बनना लगभग तय, हार्दिक पंड्या पर सस्पेंस. (Photo: PTI)
रोहित शर्मा का कप्तान बनना लगभग तय, हार्दिक पंड्या पर सस्पेंस. (Photo: PTI)

पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2027 में कप्तानी की जिम्मेदारी एक बार फिर रोहित शर्मा को सौंप सकती है. द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रेंचाइजी ने इस बदलाव का मन बना लिया है और रोहित भी इसके लिए राजी हो गए हैं. हालांकि, मुंबई इंडियंस ने अभी तक इस संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं की है.

रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी. वह महेंद्र सिंह धोनी के साथ टूर्नामेंट के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं. दूसरी ओर, हार्दिक पंड्या की अगुवाई में टीम पिछले सीजन में 14 में से 10 मुकाबले हार गई थी और नौवें स्थान पर रही थी. रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई इंडियंस ने पिछले सीजन के दौरान ही कप्तानी में बदलाव पर विचार शुरू कर दिया था. सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा संभावित विकल्पों में शामिल थे.

रोहित ने तिलक का नाम सुझाया था
बताया गया है कि रोहित शर्मा ने शुरुआत में तिलक वर्मा को कप्तानी सौंपने का सुझाव दिया था, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उनसे खुद कमान संभालने का आग्रह किया. न्यूजीलैंड रवाना होने से पहले इस मुद्दे पर रोहित के साथ कई दौर की बातचीत भी हुई थी.

Advertisement

कप्तानी में बदलाव की खबर के बीच हार्दिक पंड्या के मुंबई इंडियंस में बने रहने पर भी सवाल हैं. पिछले सीजन से उनके दूसरी टीम में ट्रेड होने की चर्चा चल रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, अगर ट्रेड नहीं होता है तो हार्दिक ने रोहित की कप्तानी में खेलने पर सहमति जताई है. हार्दिक को 2024 सीजन से पहले गुजरात टाइटन्स (GT) से ट्रेड कर मुंबई का कप्तान बनाया गया था. इस फैसले के बाद वानखेड़े स्टेडियम में घरेलू दर्शकों की ओर से उन्हें कई बार हूटिंग का सामना करना पड़ा था.

मुंबई इंडियंस ने आगामी सीजन से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में भी फेरबदल किया है. कीरोन पोलार्ड को महेला जयवर्धने की जगह हेड कोच नियुक्त किया गया है. रॉबिन उथप्पा बल्लेबाजी कोच और न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनाघन गेंदबाजी कोच होंगे. इसके अलावा टी. दिलीप को फील्डिंग कोच और धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच बनाया गया है. उथप्पा 2008 में मुंबई के लिए खेल चुके हैं, जबकि मैक्लेनाघन और कुलकर्णी भी फ्रेंचाइजी के साथ अपने पुराने जुड़ाव के लिए जाने जाते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement