scorecardresearch
 

Rohit Sharma: वनडे वर्ल्ड कप के 'सुपरहीरो' रोहित शर्मा, जो कोई नहीं कर सका वो कर दिखाया!

साल 2015 में अपने वनडे वर्ल्ड कप के सफर की शुरुआत करने वाले रोहित शर्मा ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं. वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक बनाने से लेकर सबसे अधिक शतक जड़ने तक का रिकॉर्ड हिटमैन का नाम दर्ज है.

Advertisement
X
ऐसा रहा है वर्ल्ड कप में रोहित का रिकॉर्ड (Photo: PTI)
ऐसा रहा है वर्ल्ड कप में रोहित का रिकॉर्ड (Photo: PTI)

भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे मैच 19 जुलाई यानी रविवार को खेला जाना है. ऐसी खबरें हैं कि रोहित शर्मा के करियर का यह अंतिम वनडे मैच हो सकता है. इसका मतलब साफ है कि रोहित शर्मा साल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप मिशन का हिस्सा नहीं होंगे. वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे खतरनाक और विस्फोटक ओपनरों की लिस्ट में रोहित शर्मा का नाम टॉप पर रखा जाता है. पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपने करियर के दौरान आईसीसी के खास इवेंट वनडे वर्ल्ड कप में बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया है. वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट में रोहित ने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी और बड़े शतक लगाने की काबिलियत से फैन्स के बीच अलग छाप छोड़ी है.

वनडे वर्ल्ड कप में अब तक इतने मैच खेल चुके हैं रोहित

वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा अब तक कुल 28 मैचों में हिस्सा ले चुके हैं. इस दौरान रोहित शर्मा ने 60.57 की लाजवाब औसत और करीब 106.9 के स्ट्राइक रेट से 1,575 रन बनाए हैं. भारत के लिए रोहित शर्मा ने अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप साल 2015 में खेला था. इसके अलावा उन्होंने साल 2019 और साल 2023 में भी बल्ले से दमखम दिखाने में सफलता हासिल की थी. हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रोहित शर्मा साल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप का हिस्सा होंगे?

साल 2019 वर्ल्ड कप में रचा था इतिहास

साल 2019 का वर्ल्ड कप रोहित शर्मा के करियर का सबसे बेहतरीन दौर रहा था. इस टूर्नामेंट में उन्होंने बल्लेबाजी की हर परिभाषा को बदल कर रख दिया. रोहित ने एक ही वर्ल्ड कप सीजन में 5 शतक जड़कर इतिहास रच दिया. वह किसी एक वर्ल्ड कप में पांच शतक लगाने वाले दुनिया के पहले और एकमात्र बल्लेबाज बने. उन्होंने इस टूर्नामेंट के 9 मैचों में 648 रन बनाए और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे.

Advertisement

साल 2023 वर्ल्ड कप में तोड़ा सचिन का रिकॉर्ड

भारत में खेले गए साल 2023 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान टीम को फ्रंट से लीड किया. उन्होंने अपने पर्सनल रिकॉर्ड से ज्यादा टीम को तूफानी शुरुआत दिलाने पर ध्यान दिया. रोहित ने वर्ल्ड कप में अपना 7वां शतक लगाकर महान सचिन तेंदुलकर के 6 शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. अब उनके नाम वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा 7 शतक दर्ज हैं. साल 2023 वर्ल्ड कप के दौरान रोहित ने 11 मैचों में 125.94 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट से 597 रन ठोके और टीम को फाइनल तक पहुंचाया. 

ये भी पढ़ें- 891 रन झूठ नहीं बोलते! रोहित शर्मा पर 'अंत‍िम' फैसला करने से पहले BCCI ये रिकॉर्ड जरूर देखे 

जड़ा था वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक

साल 2023 में ही रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ तेज तर्रार शतक जड़ा था. दिल्ली में सिर्फ 63 गेंदों में लगाया गया रोहित शर्मा का शतक किसी भी भारतीय द्वारा वर्ल्ड कप में लगाया गया सबसे तेज शतक है. रोहित शर्मा का यह रिकॉर्ड तोड़ना किसी भी भारतीय के लिए आसान नहीं होगा. अगर रोहित शर्मा साल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं होते हैं तो भारतीय टीम को उनकी कमी खल सकती है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement