IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2027 से पहले ऋषभ पंत और कुलदीप यादव के प्रस्तावित ट्रेड को लेकर चर्चा तेज हो गई है. लेकिन आंकड़े बताते हैं कि यह सौदा बिल्कुल बराबरी का नहीं है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंत की दिल्ली कैपिटल्स (DC) में वापसी लगभग तय मानी जा रही है, जबकि कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का रुख कर सकते हैं.
ऋषभ पंत ने IPL 2026 में 14 मैचों में 312 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 138.05 रहा. हालांकि यह प्रदर्शन खराब नहीं था, लेकिन ₹27 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत के हिसाब से इसे उम्मीदों पर खरा नहीं माना गया.
विश्लेषण के अनुसार, उनके प्रदर्शन की अनुमानित कीमत करीब ₹14.28 करोड़ रुपये आंकी गई, यानी उनकी वास्तविक वैल्यू और सैलरी में बड़ा अंतर रहा. इसी वजह से माना जा रहा है कि दिल्ली में उनकी वापसी लगभग ₹15 करोड़ की कीमत पर हो सकती है.
दूसरी ओर, कुलदीप यादव के लिए भी आईपीएल 2026 उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. उन्होंने 12 मेचों में 10 विकेट जरूर लिए, लेकिन उनकी इकोनॉमी रेट 10.30 रही और वे लगातार रन रोकने में संघर्ष करते नजर आए.
यह भी पढ़ें: 'सिक्सर किंग' युवराज सिंह की होगी IPL में वापसी, इस टीम में मिल सकता है बड़ा रोल
उनके प्रदर्शन की अनुमानित कीमत सिर्फ ₹1.47 करोड़ रुपये आंकी गई, जबकि उन्हें ₹13.25 करोड़ रुपये मिल रहे हैं. यही वजह है कि यह ट्रेड आंकड़ों के लिहाज से बराबरी का नहीं दिखता. फिर भी क्रिकेट और टीम संतुलन के नजरिए से यह दोनों फ्रेंचाइजीज के लिए समझदारी भरा कदम माना जा रहा है.
दिल्ली को एक भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज और बड़ा ब्रांड चेहरा वापस मिलेगा, जबकि लखनऊ को अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव के रूप में अपनी गेंदबाजी मजबूत करने का मौका मिलेगा.
यह भी पढ़ें: फॉलो-अनफॉलो का खेल, डिलीट हुईं MI की तस्वीरें... सूर्या-हार्दिक के बीच सब ठीक है?
ऋषभ पंत ने साल 2016 से 2024 के बीच दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए 111 मैच खेले हैं. जिसमें 43 मैचों में उन्होंने कप्तानी की है. IPL 2026 में दोनों ही टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी.
दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर फिनिश किया. वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) पॉइंट्स टेबल में आखिरी (10वें) पायदान पर रही.