scorecardresearch
 

'सिक्सर किंग' युवराज सिंह की होगी IPL में वापसी, इस टीम में मिल सकता है बड़ा रोल

युवराज सिंह ने 2011 के वनडे वर्ल्ड कप में अपने शानदार प्रदर्शन से टीम इंडिया को चैम्पियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. टी20 वर्ल्ड कप 2007 में भी युवी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था. तब इंग्लैंड के खिलाफ मैच में युवराज ने स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में लगातार छह छक्के लगा दिए थे.

Advertisement
X
युवराज सिंह एक नई भूमिका में नजर आ सकते हैं. (Photo: Getty)
युवराज सिंह एक नई भूमिका में नजर आ सकते हैं. (Photo: Getty)

टीम इंडिया के पूर्व ऑलरााउंडर युवराज सिंह अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में एक नई भूमिका निभाते हुए नजर आ सकते हैं. TOI की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली कैपिटल्स (DC) आईपीएल 2027 के जरिए युवराज को अपने सपोर्ट स्टाफ में शामिल करने की तैयारी कर रही है. यदि ऐसा होता है तो यह युवराज के कोचिंग करियर का पहला बड़ा और हाई-प्रोफाइल असाइनमेंट होगा.

दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल के शुरुआती सीजन से ही खिताब की तलाश में है, लेकिन टीम लगातार उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी. ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स अब अपने सपोर्ट स्टाफ में बड़े बदलाव की योजना बना रही है और इसी कड़ी में युवराज सिंह का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है.

अगले दो वर्षों के लिए दिल्ली कैपिटल्स का संचालन फिर से JSW समूह के हाथों में होगा. इसके साथ ही पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स में एक बार फिर से डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट की भूमिका निभा सकते हैं. गांगुली और युवराज सिंह की जोड़ी दिल्ली कैपिटल्स के लिए नया अध्याय लिख सकती है. फ्रेंचाइजी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी संकेत दिए हैं कि युवराज को टीम से जोड़ने को लेकर गंभीर चर्चा चल रही है.

अभिषेक-शुभमन को कर चुके ट्रेन
युवराज सिंह भले ही अब तक किसी आईपीएल टीम के आधिकारिक कोच नहीं बने हों, लेकिन युवा खिलाड़ियों को निखारने में उनकी भूमिका किसी से छिपी नहीं है. भारत के युवा सितारे अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल और प्रभसिमरन सिंह कई मौकों पर स्वीकार कर चुके हैं कि युवराज ने उनके खेल और मानसिकता को बेहतर बनाने में अहम योगदान दिया. खासकर अभिषेक के करियर में युवराज की भूमिका को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. क्रिकेट जगत में युवराज को सिर्फ एक कोच नहीं, बल्कि एक ऐसे मेंटर के रूप में देखा जाता है जो खिलाड़ियों को तकनीक के साथ-साथ दबाव झेलने और बड़े मंच पर प्रदर्शन करने की कला भी सिखाते हैं.

Advertisement

युवराज सिंह की कोचिंग शैली भी उन्हें बाकी पूर्व खिलाड़ियों से अलग बनाती है. युवी सिर्फ सलाह देने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि खिलाड़ियों के साथ मैदान पर घंटों समय बिताते हैं. नेट्स के पीछे खड़े होकर बल्लेबाजों की तकनीक पर काम करना, मानसिक मजबूती पर चर्चा करना और मैच परिस्थितियों को समझाना उनकी कोचिंग का अहम हिस्सा है. यही वजह है कि युवा खिलाड़ी उनके साथ काम करना पसंद करते हैं.

अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स का आईपीएल 2026 में प्रदर्शन निराशाजनक रहा था. टीम 14 मैचों में सिर्फ 7 जीत हासिल कर पाई और प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई. टीम की बल्लेबाजी कई महत्वपूर्ण मौकों पर लड़खड़ाई, जबकि गेंदबाजी यूनिट भी निरंतरता नहीं दिखा सकी. ऐसे में फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि युवराज जैसा अनुभवी क्रिकेटर खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भर सकता है.

युवराज सिंह ने अपने आईपीएल करियर में 132 मुकाबले खेलकर 24.77 की औसत से 2750 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 13 अर्धशतक निकले और उनका स्ट्राइक रेट 129.71 रहा. बल्लेबाजी के अलावा उन्होंने अपनी स्पिन गेंदबाजी से भी कुछ मौकों पर टीम को जीत दिलाई. भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2007 और क्रिकेट वर्ल्ड कप 2011 जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले युवराज अब अपने अनुभव का फायदा युवा खिलाड़ियों को देना चाहते हैं.

Advertisement

दिल्ली कैपिटल्स और युवराज सिंह की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अगर यह फैसला होता है तो IPL 2027 में युवराज सिंह को पहली बार किसी फ्रेंचाइजी के डगआउट में बड़ी जिम्मेदारी निभाते हुए देखा जा सकता है. क्रिकेट फैन्स के लिए यह किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement