आईपीएल 2026 में एक बार फिर बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट की वापसी होने जा रही है. भगदड़ की दुखद घटना के बाद यह पहला मौका होगा जब यहां मुकाबले खेले जाएंगे. भगदड़ की इस घटना में 11 लोगों की जान चली गई थी.
आरसीबी ने क्या कहा
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मंगलवार को साफ कर दिया कि वह अपने सात घरेलू मैचों में से पांच मुकाबले बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही खेलेगी. इससे उन अटकलों पर विराम लग गया कि टीम शायद पुणे जैसे किसी दूसरे शहर में अपने मैच शिफ्ट कर सकती है.
बेंगलुरु में 5 मैच, 2 रायपुर में
आरसीबी के मुताबिक, पांच मैच बेंगलुरु में होंगे, जबकि दो घरेलू मुकाबले पहले से तय प्रतिबद्धता के अनुसार रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे.
यह भी पढ़ें: IPL 2026 से पहले एमएस धोनी पहुंचे दिवड़ी मंदिर, माता का लिया आशीर्वाद, VIDEO
आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने कहा कि जरूरी अनुमति और प्रक्रिया पूरी करने के बाद टीम ने बेंगलुरु में मैच कराने का फैसला लिया है. उन्होंने कर्नाटक सरकार, केएससीए और कर्नाटक पुलिस का सहयोग के लिए धन्यवाद भी किया.
मुंबई इंडियंस से मांगा था एनओसी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरसीबी ने अपने घरेलू मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में कराने के लिए मुंबई इंडियंस से एनओसी भी मांगा था. लेकिन मुंबई इंडियंस ने इसकी मंजूरी नहीं दी और अन्य विकल्प तलाशने को कहा.
यह भी पढ़ें: IPL 2026 Auction Sold Players: आईपीएल ऑक्शन में जमकर बरसा पैसा, देखें सोल्ड खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट
स्टेडियम में हुए बदलाव
जस्टिस कुन्हा कमेटी की सिफारिशों के आधार पर इस साल स्टेडियम में जरूरी सुधार और नवीनीकरण कार्य किए गए. वेंकटेश प्रसाद की अगुवाई वाले केएससीए ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए ताकि जल्द से जल्द बेंगलुरु में क्रिकेट की वापसी हो सके.
कुल मिलाकर, आईपीएल 2026 में आरसीबी एक बार फिर अपने घरेलू मैदान पर खेलने के लिए तैयार है, जबकि दो मैच रायपुर में होंगे.