इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में गुरुवार (7 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच मुकाबले के दौरान मैदान पर माहौल गरमा गया. आरसीबी के गेंदबाज क्रुणाल पंड्या और एलएसजी के बल्लेबाज निकोलस पूरन आमने-सामने आ गए. दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ देर तक बातचीत हुई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इस घटना की चर्चा तेज हो गई.
यह घटना बारिश के बाद दोबारा खेल शुरू होने पर हुई. लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी के 10वें ओवर में क्रुणाल ने दूसरी गेंद पर अर्शिन कुलकर्णी का विकेट लिया. फिर क्रीज पर आए निकोलस पूरन को लगातार दो बाउंसर गेंदें फेंकीं. दूसरी बाउंसर गेंद पर पूरन ने सिंगल लिया.
इसके बाद जब निकोलस पूरन नॉन-स्ट्राइकर एंड पर पहुंचे, तो क्रुणाल पंड्या उनके करीब आए और दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई. दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई बातचीत का वीडियो तेजी से वायरल हो गया हालांकि यह साफ नहीं हो पाया कि दोनों के बीच क्या बात हुई थी.
दिलचस्प बात यह है कि क्रुणाल पंड्या और निकोलस पूरन आईपीएल के 2023 और 2024 सीजन्स में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए साथ खेल चुके हैं. दोनों के बीच अच्छी दोस्ती भी मानी जाती है, इसलिए इसे दोस्ताना नोकझोंक भी माना जा रहा है.
निकोलस पूरन इस सीजन संघर्ष करते नजर आए हैं. उन्होंने IPL 2026 में अब तक 10 मैचों में 20.11 की औसत से 181 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने सिर्फ एक अर्धशतक लगाया. दूसरी ओर क्रुणाल पंड्या ने इस सीजन शानदार गेंदबाजी की है. उन्होंने 10 मैचों में 8.70 की इकोनॉमी रेट से 10 विकेट लिए और मिडिल ओवर्स में आरसीबी के लिए अहम भूमिका निभाई. पिछले सीजन आईपीएल फाइनल में वह प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे थे.
मुकाबले में मिचेल मार्श ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 49 गेंदों में आईपीएल करियर का दूसरा शतक जड़ दिया. बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में मार्श ने अकेले दम पर लखनऊ को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.