मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने आखिरकार आईपीएल में शानदार वापसी की. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सोमवार को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में तिलक वर्मा ने केवल 45 गेंदों पर शानदार शतक जड़ा. जिसकी बदौलत मुंबई ने 199 रन बनाए. लेकिन ये शतक इसलिए भी खास था क्योंकि ये तिलक का पहला आईपीएल शतक है और उन्होंने कई रिकॉर्ड भी ध्वस्त किए.
मैच की शुरुआत मुंबई के लिए अच्छी नहीं रही थी. मुंबई ने पावरप्ले में ही 3 विकेट गंवा दिए थे, कगिसो रबाडा ने मुंबई के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया था. लेकिन ऐसे मुश्किल वक्त में तिलक वर्मा क्रीज पर आए और शुरुआत में संभलकर खेलते नजर आए. अपनी पारी में तिलक वर्मा ने 8 चौके और 7 छक्के जड़े.
पहली 22 गेंदों में केवल 19 रन लेकिन फिर...
पहली 22 गेंदों पर तिलक वर्मा ने सिर्फ 19 रन बनाए, लेकिन इसके बाद उन्होंने गियर बदल दिया. अगली 23 गेंदों में उन्होंने 82 रन ठोक दिए और मैच का रुख ही बदल दिया. उनकी पारी में जबरदस्त आक्रामकता दिखी, खासकर डेथ ओवर्स में उन्होंने गेंदबाज़ों पर पूरी तरह दबाव बना दिया.
18 गेंदों में जड़े 65 रन
डेथ ओवर्स (16-20) में तिलक वर्मा ने सिर्फ 18 गेंदों में 65 रन बनाए, जो आईपीएल इतिहास की सबसे तेज पारियों में से एक है. इस दौरान उन्होंने Gujarat Titans के गेंदबाज़ों की जमकर धुनाई की.
कई रिकॉर्ड हुए ध्वस्त
तिलक का यह शतक कई मायनों में खास रहा. यह न सिर्फ उनका आईपीएल में पहला शतक है, बल्कि मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज शतकों में भी शामिल हो गया. उन्होंने 45 गेंदों में सेंचुरी पूरी कर सनथ जयसूर्या के रिकॉर्ड की बराबरी की.
यह भी पढ़ें: MI vs GT: कौन हैं दानिश मालेवार और कृष भगत? जिन्होंने IPL में किया डेब्यू, ऐसा रहा है करियर
इससे पहले तिलक वर्मा का फॉर्म काफी खराब चल रहा था. आईपीएल 2026 में इस मैच से पहले उन्होंने 5 पारियों में सिर्फ 43 रन बनाए थे, लेकिन इस पारी ने उनकी वापसी का जोरदार ऐलान कर दिया. मुंबई की पारी को देखें तो शुरुआत धीमी रही, लेकिन आखिरी ओवर्स में टीम ने जबरदस्त वापसी की. आखिरी तीन ओवरों में 58 रन बने, जिसने स्कोर को 200 तक पहुंचा दिया.