इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का आगाज होने में बस अब कुछ ही दिन बचे हैं. पहला मुकाबला 28 मार्च को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी 20 मैचों का शेड्यूल जारी किया है. इसकी वजह है कई राज्यों में चुनाव. फिलहाल IPL में एक बार कई पुराने धुरंधरों को देखने का मौका क्रिकेट के शौकीनों को मिलेगा.
महेंद्र सिंह धोनी को लेकर उनके फैनबेस में अलग ही क्रेज है. जो 44 साल की उम्र में एक बार फिर क्रिकेट के मैदान में अपना जलवा दिखाते हुए नजर आएंगे.
धोनी 2008 की शुरुआत से अब तक IPL खेल रहे हैं. लेकिन केवल धोनी ही इकलौते ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं, जो आईपीएल में अब तक डटे हुए हैं, धोनी के अलावा 6 और कुल मिलाकर 7 खिलाड़ी ऐसे हैं, जो आईपीएल में अभी भी अपना जलवा दिखा रहे हैं.
लेकिन यहां यह बात ध्यान रखनी होगी कि रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी, मनीष पांडे और विराट कोहली सारे आईपीएल सीजन खेले हैं.
वहीं अजिंक्य रहाणे, ईशांत शर्मा, रवींद्र जडेजा ने किसी ना किसी कारण से कोई ना कोई सीजन मिस किया है.
धोनी चेन्नई 2016 और 2017 में वो राइजिंग पुणे सुपरजायंटस के लिए खेले थे, इसके इतर वो हमेशा चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले हैं.
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) पर 2013 के आईपीएल सट्टेबाजी और स्पॉट-फिक्सिंग मामले में लोढ़ा कमेटी 2016 और 2017 के लिए दो साल का बन लगाया था. तब टीम के अधिकारी गुरुनाथ मयप्पन (एन श्रीनिवासन के दामाद) को सट्टेबाजी में दोषी पाए जाने के बाद यह एक्शन हुआ था, इस अवधि में राजस्थान रॉयल्स भी बैन थी.
वैसे 2008 से अब तक IPL खेलने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में केवल विराट कोहली ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जो शुरुआत से अब तक एक ही फ्रेंचाइजी के लिए खेल रहे हैं.
2008 से अब तक IPL खेलने वाले खिलाड़ी: रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी, मनीष पांडे, रवींद्र जडेजा, अजिंक्य रहाणे, ईशांत शर्मा, विराट कोहली.
रोहित शर्मा का अब तक का IPL में प्रदर्शन
रोहित शर्मा 2008 से अब तक 2010 के बीच डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद में खेलते दिखे थे. उसके बाद 2011 से 2025 के बीच वो मुंबई इंडियंस के लिए खेलते दिखे.
24 अप्रैल 2013 को उन्होंने मिड सीजन में रिकी पोंटिंग की जगह कप्तानी संभाली थी. इस दौरान रोहित के नेतृत्व में मुंबई की टीम पांच बार आईपीएल की चैम्पियन (2013, 2015, 2017, 2019, 2020) बनाया. 2024 और 2025 का सीजन रोहित टीम के लिए बतौर खिलाड़ी खेले. 38 साल के रोहित ने अब तक कुल मिलाकर 272 IPL मैचों की 267 पारियों में 7046 रन 29.73 के एवरेज और 132.09 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. वहीं उनके नाम 15 विकेट भी हैं.
धोनी का अब तक का IPL में प्रदर्शन
महेंद्र सिंह धोनी 2008 से अब तक आईपीएल में खेल रहे हैं. उनकी कप्तानी में ही चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पांच बार (2010, 2011, 2018, 2021, 2023) में चैम्पियन बनी है. धोनी ने अब तक आईपीएल के 278 मुकाबलों में 5439 रन 38.30 के एवरेज और 137.45 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं.
धोनी ने 158 कैच और 47 स्टम्पिंग भी की हैं . धोनी की जगह 2024 में ऋतुराज गायकवाड़ कप्तान बने. 2025 में ऋतुराज के इंजर्ड होने के बाद एक बार फिर कप्तानी संभाली, लेकिन इस बार फिर से महेंद्र सिंह धोनी बतौर प्लेयर टीम में दिखेंगे. इस बार संजू सैमसन भी बतौर विकेटकीपर मौजूद हैं, ऐसे में सवाल है उनकी भूमिका क्या होगी?
मनीष पांडे का अब तक आईपीएल में प्रदर्शन
36 साल के मनीष पांडे 2008 से अब तक IPL के शुरुआती सीजन से अब तक खेल रहे हैं. उनकी खास बात यह रही है कि वो आईपीएल इतिहास में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं. यह शतक 2009 में उन्होंने RCB के लिए खेलते हुए जड़ा था.
मनीष इस सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते दिखेंगे. वैसे मनीष आईपीएल में आधा दर्जन से अधिक टीमों के लिए खेल चुके हैं. कुल 7 टीमों के लिए 174 मैच खेलते हुए उन्होंने 3942 रन बनाए हैं. इन आईपीएल मैचों में उनका एवरेज 29.41 और स्ट्राइक रेट 121.51 है. मनीष टीम इंडिया के लिए आखिरी बार 23 जुलाई 2021 में वनडे खेलते दिखे थे.
रवींद्र जडेजा का अब तक आईपीएल में प्रदर्शन
37 साल के रवींद्र जडेजा इस आईपीएल सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते दिखेंगे. कभी 2008 में उनका आईपीएल डेब्यू इसी राजस्थान रॉयल्स से हुआ था. जडेजा ने ज्यादातर तो आईपीएल में चेनई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलते दिखे हैं. इसके अलावा वो कोच्चि टस्कर्स और गुजरात लॉयन्स के लिए भी खेले हैं. उन्होंने 254 आईपीएल मैचों में 3260 रन बनाए हैं, वहीं उनके नाम कुल 170 विकेट लिए हैं. वह आईपीएल इतिहास के सबसे सफल ऑलराउंडर्स में से एक हैं.
रवींद्र जडेजा 2010 के IPL सीजन (IPL 3) में नहीं खेले थे, क्योंकि प्लेयर कॉन्ट्रैक्ट और ट्रेडिंग नियमों के उल्लंघन के कारण IPL गवर्निंग काउंसिल ने उन पर पूरे एक सीजन का बैन लगा दिया था.
अजिंक्य रहाणे का अब तक आईपीएल में प्रदर्शन
कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) ने अजिंक्य रहाणे को IPL 2026 के लिए कप्तान बनाया है. रहाणे 2025 में भी KKR के कप्तान थे, 2025 में टीम 8वें स्थान पर रही, लेकिन उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें फिर मौका मिला. रहाणे राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए 1 मैच में साल 2017 मे तो राजस्थान रॉयल्स के लिए 24 मैच में 2018-19 में कप्तानी कर चुके हैं. 37 साल के रहाणे ने 2008 का ओपनिंग सीजन मुंबई इंडियंस के लिए खेला था.
रहाणे ने आईपीएल के 198 मैचों में 5032 रन 30.49 के एवरेज 125.01 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं. रहाणे के आईपीएल करियर के आंकड़ो में 2010 का साल गायब दिखता है, लेकिन उस साल उनको खेलने का मौका नहीं मिला था.
ईशांत शर्मा का अब तक आईपीएल में प्रदर्शन
37 साल के ईशांत शर्मा भी आईपीएल में 2008 से अब तक लगातार आईपीएल खेल रहे हैं. उन्होंने 2008 में KKR से अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी.
ईशांत 2012 का सीजन एंकल इंजरी की वजह से नहीं खेल पाए थे. वहीं 2018 में उनको किसी ने नहीं खरीदा था.
इस सीजन में वो गुजरात टाइटन्स के लिए खेलते दिखेंगे. ईशांत अब तक 117 टी20 मैचों में 96 विकेट ले चुके हैं. ईशांत शर्मा टीम इंडिया से काफी समय से दूर है, वह नवंबर 2021 में आखिरी बार टीम इंडिया के लिए टेस्ट खेलते दिखे थे.
विराट कोहली का कैसा रहा है अब तक प्रदर्शन
विराट कोहली और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का साथ आईपीएल में 18 सीजन का हो चुका है, यह उनका 19वां सीजन है. पिछली बार RCB पहली बार आईपीएल चैम्पियन बनी थी. 37 साल के कोहली आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने 267 मुकाबलों में 8661रन 39.54 के एवरेज से बनाए थे. कोहली शुरुआत से अब तक RCB के लिए ही खेल रहे हैं.
ऐसे में अब यह भी देखना होगा कि आईपीएल के आने वाले समय में भी क्या ये दिग्गज अपना जौहर दिखा पाएंगे. धोनी इस समय 44 साल के हैं और अगले सीजन में वो 45 साल के हो जाएंगे.