दिवाली से पहले टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई. C.I.D और आहट जैसे सुपरहिट शोज बनाने वाले निर्माता बी.पी. सिंह का निधन हो गया. 27 अक्टूबर को 77 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया. उनके निधन की खबर से टेलीविजन की दुनिया में शोक की लहर दौड़ गई है. C.I.D में एसीपी प्रद्युमन बनकर लोगों का दिल जीतने वाले अभिनेता शिवाजी साटम ने निर्माता के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने करीबी दोस्त बी.पी. सिंह संग बिताए गए खूबसूरत पलों को भी याद किया है.
दोस्त के निधन से टूटे शिवाजी साटम
शिवाजी साटम ने अपने करीबी दोस्त को याद करते हुए वैरायटी इंडिया संग बातचीत में कहा- आज मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा चैप्टर खत्म हो गया है. वो बहुत अच्छे इंसान थे. एक उम्दा दोस्त थे. मैंने सब उनसे ही सीखा. मैं थिएटर से आया था. मुझे ये अच्छे से पता था कि स्टेज पर एक्ट कैसे करना है. लेकिन कैमरे के सामने मुझे परफॉर्मेंस देना सिखाया है. जरूरत पड़ने पर हर सीन को कैसे लार्जर देन लाइफ बनाना है, ये भी मैंने उनसे ही सीखा है. वो हर चीज को बहुत ही खूबसूरती के साथ समझाते थे. वो बहुत ही अच्छे गुरू थे.
बी.पी. सिंह के लिए पद्मश्री की मांग
C.I.D एक्टर ने कहा कि 'दोस्ती में गलतफहमियां और झगड़े होते रहते हैं, लेकिन वो मेरी जिंदगी के हर मौसम में थे. हम दोनों का रिश्ता इतना मजबूत था कि वो किसी भी छोटी सी चीज से नहीं टूट सकता था. उनके जैसे इंसान को पद्मश्री मिलना चाहिए, लेकिन उन्होंने काम करते हुए कभी भी इस बारे में नहीं सोचा. वो हमेशा यही कहते थे, जाने दो, इससे क्या ही बदल जाएगा. हमारी ऑडियंस हमेशा हमारे साथ है, यही मेरे लिए सबसे बड़ा अचीवमेंट है.'
बी.पी. सिंह (बृजेंद्र पाल सिंह), ‘CID’ और ‘आहट’ के निर्माता-निर्देशक का निधन 27 अक्टूबर 2026 की सुबह दिल का दौरा पड़ने से हुआ. वो 77 साल के थे. उन्हें मुंबई के सांताक्रूज स्थित सूर्या अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.