इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच तीन मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 24 अक्टूबर (शनिवार) से लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में शुरू हुआ. इस मुकाबले के पहले दिन इंडिया-ए की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. घास से भरी पिच पर मेजबान टीम के तेज गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया.
इंडिया-ए की पूरी टीम पहली पारी में महज 113 रनों पर सिमट गई. साइमन कीन ने पांच विकेट लेकर इंडिया-ए को बैकफुट पर ढकेला. जैक गिब्सन ने भी तीन सफलताएं हासिल कीं. वहीं क्रिस्टियन क्लार्क और फ्रेजर शीट को एक-एक विकेट मिला. देखा जाए तो इंडिया-ए के सभी 10 विकेट तेज गेंदबाजों ने चटकाए.
मुकाबले में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड-ए ने पहले गेंदबाजी चुनी. फ्रेजर शीट ने केएल राहुल (0 रन) को आउट कर टीम को शुरुआती सफलता दिलाई. यशस्वी जायसवाल (17 रन) और देवदत्त पडिक्कल (32 रन) ने कुछ देर तक पारी संभाली, लेकिन जैक गिब्सन ने यशस्वी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया.
इसके बाद साइमन कीन ने अपनी स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ से भारतीय बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया. इंडिया-ए के बल्लेबाज साझेदारी बनाने में नाकाम रहे और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते चले गए.
लगातार गिरते विकेटों के बीच यश राठौड़ ने मोर्चा संभाला. उन्होंने आक्रामक अंदाज में रन जुटाए और आखिरी विकेट के लिए मुकेश चौधरी के साथ 32 रनों की अहम साझेदारी की. राठौड़ ने इस दौरान ज्यादातर रन बनाए और टीम को 100 के पार पहुंचाया. राठौड़ ने 49 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के और तीन चौके शामिल रहे.
पांच बल्लेबाजों का नहीं खुला खाता
हालांकि, यश राठौड़ की ये कोशिश इंडिया-ए को सम्मानजनक स्कोर तक ले जाने के लिए काफी नहीं रही. भारतीय टीम की पहली पारी दो सत्र पूरे होने से पहले ही समाप्त हो गई. इंडिया-ए की ओर से पहली पारी में केएल राहुल, साई सुदर्शन, वॉशिंगटन सुंदर, मुकेश चौधरी और आकाश दीप अपना खाता नहीं खोल पाए. कप्तान ध्रुव जुरेल भी सिर्फ 1 रन बना सके.
इंडिया-ए की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (कप्तान/विकेटकीपर), यश राठौड़, वॉशिंगटन सुंदर, अंशुल कम्बोज, आकिब नबी, आकाश दीप, मुकेश चौधरी.
न्यूजीलैंड-ए की प्लेइंग इलेवन: रीस मारिउ (कप्तान), कर्टिस हीफी, टिम रॉबिन्सन, मैथ्यू बॉयल, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिचेल हे (विकेटकीपर), साइमन कीन, क्रिस्टियन क्लार्क, फ्रेजर शीट, जेडन लेनोक्स, जैक गिब्सन.