scorecardresearch
 

ईशान किशन IN, वैभव सूर्यवंशी OUT... तूफानी पारी के बाद भी बाहर बैठेंगे 'बेबी बॉस', रविचंद्रन अश्विन ने संजू सैमसन के लिए उठाई आवाज

रविचंद्रन अश्विन के मुताबिक वैभव सूर्यवंशी में बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की क्षमता है, लेकिन एक-दो पारियों के आधार पर आंकने के बजाय उन्हें समय और आजादी दी जानी चाहिए. वहीं ईशान किशन की वापसी होने पर संजू सैमसन को ओपनिंग में भेजने की उनकी सलाह ने नई बहस छेड़ दी है.

Advertisement
X
वैभव सूर्यवंशी क्या चौथे टी20 में खेलेंगे? (Photo: X/@BCCI)
वैभव सूर्यवंशी क्या चौथे टी20 में खेलेंगे? (Photo: X/@BCCI)

टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को लेकर अहम सलाह दी है. उन्होंने फैन्स और क्रिकेट विशेषज्ञों से अपील की कि 'बेबी बॉस' पर अभी से बड़ी उम्मीदों का बोझ ना डालें. अश्विन का मानना है कि वैभव में भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा स्टार बनने की क्षमता है, लेकिन फिलहाल उन्हें बिना दबाव के अपना खेल निखारने देना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अगले टी20 मुकाबले में संजू सैमसन की बल्लेबाजी पोजीशन को लेकर भी अपनी राय रखी.

ईशान किशन की चोट के कारण वैभव सूर्यवंशळी को टी20 सीरीज के दूसरे और तीसरे टी20 मुकाबले में मौका मिला था. दूसरे टी20 में वैभव तीसरे नंबर पर उतरे, जबकि अगले मुकाबले में संजू सैमसन ने ओपनिंग की जगह छोड़कर उन्हें अभिषेक शर्मा के साथ पारी शुरू करने का मौका दिया. इस जोड़ी ने 133 रनों की साझेदारी कर भारत की जीत की राह आसान कर दी.

रविचंद्रन अश्विन के मुताबिक, ईशान किशन की गैरमौजूदगी में संजू का तीसरे नंबर पर खेलना सही था क्योंकि उनके पास इस भूमिका में बल्लेबाजी करने का अनुभव है. हालांकि, अगर ईशान 30 अक्टूबर ऑकलैंड में होने वाले चौथे टी20 में वापसी करते हैं, तो संजू को फिर से ओपनिंग करनी चाहिए और वैभव को बाहर बैठना पड़ सकता है.

वैभव ने वेलिंगटन में मचाया था गदर
वैभव सूर्यवंशी ने वेलिंगटन में आयोजित तीसरे टी20 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से प्रभावित किया था. उन्होंने 19 गेंदों में 45 रन ठोकते हुए अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 133 रन जोड़े. भारत ने 199 रनों का लक्ष्य 6.4 ओवर्स शेष रहते हासिल कर लिया. इस प्रदर्शन के बाद वैभव की चर्चा तेज है, लेकिन रविचंद्रन अश्विन चाहते हैं कि उनकी प्रतिभा को समय दिया जाए.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के लिए संजू सैमसन की कुर्बानी! तीसरे नंबर पर उतरते ही क्यों फीके पड़ जाते हैं बल्ले के तेवर?

Advertisement

रविचंद्रन अश्विन ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में भी इसी तरह का निडर खेल दिखाया था. उन्होंने Sony LIV पर कहा, 'वैभव सूर्यवंशी ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की, वैसा ही उन्होंने पूरे आईपीएल में किया था. मेरे लिए वह बेहद खास खिलाड़ी हैं और हमेशा रहेंगे. मैं उनके करियर में कई शानदार उपलब्धियां देखने का इंतजार कर रहा हूं.'

संजू के पास नंबर-3 पर अनुभव नहीं: अश्विन
रविचंद्रन अश्विन ने कहा, 'जब ईशान किशन टीम में नहीं हैं और वैभव को मौका देना है, तो यह बल्लेबाजी क्रम बिल्कुल सही लगता है. संजू के पास तीसरे नंबर पर खेलने का अनुभव है. लेकिन अगर अगले मैच में ईशान किशन वापसी करते हैं, तो मेरे हिसाब से वैभव को बाहर बैठना चाहिए और संजू को उसी जगह वापस आना चाहिए, जिसके वह हकदार हैं.'
यह भी पढ़ें: IND vs NZ: टीम इंड‍िया को न्यूजीलैंड ODI सीरीज से पहले बड़ा झटका, पेसर प्रस‍िद्ध कृष्णा हुए बाहर, कौन होगा र‍िप्लेसमेंट?

रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी को लेकर भविष्यवाणियां करने में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए. उन्होंने अपने शुरुआती क्रिकेट दिनों का जिक्र करते हुए बताया कि 16 साल की उम्र में वह चेन्नई के मैदानों और क्लबों में क्रिकेट का आनंद लेते थे. उनका मानना है कि वैभव को भी सीखने और आगे बढ़ने के लिए ऐसा ही माहौल मिलना चाहिए.

Advertisement

रविचंद्रन अश्विन ने कहा, 'इतनी कम उम्र में इस तरह के बड़े बयान देना ठीक नहीं है. मैं चाहता हूं कि इस युवा खिलाड़ी को खुलकर खेलने का मौका मिले. मुझे पता है कि एक समय वह भारतीय क्रिकेट का पोस्टर बॉय बन सकता है, लेकिन हम सभी को थोड़ा पीछे हटकर उसे अपने क्रिकेट का आनंद लेने देना चाहिए. वैभव ने मंगलवार (27 अक्तूबर) को कुछ असाधारण किया है, लेकिन मैं अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंचना चाहता. वह देखने लायक प्रतिभा हैं. उन्हें अपने क्रिकेट का आनंद लेने दें और हमें भी उनकी बल्लेबाजी का लुत्फ उठाना चाहिए.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement