scorecardresearch
 

IND vs ENG, 2nd ODI Highlights: कार्डिफ वनडे में इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हराया, सीरीज में 1-1 की बराबरी, जो रूट ने खेली मैच जिताऊ पारी

India vs England, 2nd ODI: टीम इंड‍िया और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला कार्ड‍िफ में आयोजित हुआ. भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 233 रनों का स्कोर बनाया. 234 रनों के टारगेट को मेजबान टीम ने आराम से हासिल कर लिया.

Advertisement
X
भारत-इंग्लैंड के बीच सीरीज का दूसरा वनडे कार्डिफ में हुआ. (Photo: Getty Images)
भारत-इंग्लैंड के बीच सीरीज का दूसरा वनडे कार्डिफ में हुआ. (Photo: Getty Images)

India vs England, 2nd ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार (16 जुलाई) को कार्ड‍िफ के सोफिया गार्डन्स में खेला गया. इस मुकाबले में इंग्लैंड ने 4 विकेट से जीत हसिल की. इंग्लैंड को जीत के लिए 234 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 44.1 ओवरों में हासिल कर लिया. इंग्लैंड की जीत में जो रूट की अहम भूमिका रही.

जो रूट ने 133 गेंदों का सामना करते हुए 99 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल रहे. इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है. सीरीज का आखिरी मुकाबला 19 जुलाई को लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा.

रनचेज में इंग्लैंड की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. पारी की पहली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने बेन डकेट (0 रन) को चलता कर दिया. जैकब बेथेल (4 रन) और कप्तान हैरी ब्रूक (16 रन) भी सस्ते में आउट हुए. बेथेल को प्रसिद्ध कृष्णा ने आउट किया, जबकि ब्रूक का विकेट गुरनूर बरार ने लिया. ब्रूक के आउट होने के समय इंग्लैंड का स्कोर 53/3 था.

सैम करन और जो रूट के बीच चौथे विकेट के लिए 41 रनों की साझेदारी हुई, जिसे शिवम दुबे ने तोड़ा. शिवम ने सैम करन (26 रन) को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया. इंग्लैंड के जो शुरुआती चार विकेट गिरे, उसमें ईशान किशन की अहम भूमिका रही. ईशान ने चारों मौकों पर विकेट के पीछे कैच लपका. इसके बाद जोस बटलर 17 रनों के निजी स्कोर पर बोल्ड हुए. बटलर को अक्षर  पटेल ने अपना शिकार बनाया.

Advertisement

इंग्लैंड के विकेट गिर रहे थे, लेकिन जो रूट क्रीज पर जमे रहे. रूट ने विल जैक्स के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी की. जैक्स ने 30 रन बनाए और उनका विकेट गुरनूर बरार ने झटका. यहां से जो रूट और गस एटकिंसन (नाबाद 23 रन) को टीम जीत के द्वार तक पहुंचाया.

भारतीय पारी की हाइलाइटस
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही. रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी हुई. गस एटकिंसन की गेंद पर गिल ने दमदार शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद हवा में चली गई और बेन डकेट ने आसान कैच लपक लिया. छह चौकों की मदद से गिल ने 30 गेंदों में 31 रनों की पारी खेली. शुभमन गिल के बाद रोहित शर्मा भी बल्ले से ज्यादा योगदान नहीं दे सके. रोहित 47 गेंदों में 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे. विल जैक्स की गेंद पर जोस बटलर ने रोहित का कैच पकड़ा.

केएल राहुल की जगह टीम में शाम‍िल किए ईशान किशन कुछ कमाल नहीं कर सके और महज 1 रन बनाकर सैम करन को कैच थमा बैठे. ईशान के आउट होने के बाद भारतीय टीम का स्कोर 111/3 हो गया. 

Advertisement

इसके बाद व‍िराट कोहली ने 50 गेंदों पर अपना अर्धशतक चौका लगाकर सैम करन की गेंद पर पूरा किया. इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में विराट कोहली ने 14वीं बार 50+ स्कोर बनाया. उन्होंने विवियन रिचर्ड्स की बराबरी कर ली है और अब सिर्फ कुमार संगकारा (15) उनसे आगे हैं. हालांकि 65 रन के स्कोर पर व‍िराट कोहली जोफ्रा आर्चर की गेंद पर आउट हो गए. कोहली के आउट होने के बाद आए वॉश‍िंगटन सुंदर (2) साकिब महमूद की गेंद पर आउट हो गए. सुंदर जब आउट हुए तो भारतीय टीम का स्कोर 5 व‍िकेट के नुकसान पर 181 हो गया.  

इसके बाद जोफ्रा आर्चर ने लगातार दो गेंदों पर पहले अक्षर पटेल (1) और फ‍िर श‍िवम दुबे (0) को आउट किया. इसके बाद आए गुरनूर बरार 7 रन पर साकिब महमूद का श‍िकार बने. वहीं एक ओर व‍िकेट पर ट‍िके श्रेयस अय्यर भी 44वें ओवर में धैर्य खो बैठे और 66 रन पर गस एटकिंसन की गेंद पर व‍िकेट के पीछे जोस बटलर को कैच दे बैठे,  इसी ओवर में प्रस‍िद्ध कृष्णा (0) पर आउट हो गए. बुमराह 20 रनों पर नाबाद लौटे. 

इंग्लैंड की ओर से इस मुकाबले में जोफ्रा आर्चर और गस एटकिंसन ने 3-3 व‍िकेट लिए. साकिब महमूद को 2 और व‍िल जैक्स, सैम करन को 1-1 सफलता म‍िली. 

Advertisement

कार्ड‍िफ और ओवररऑल वनडे में हेड टू हेड 
कार्ड‍िफ की बात की जाए भारतीय टीम यहां अपने 5 मुकाबलों में से 3 जीत चुकी है. वैसे दोनों ही टीमों के बीच कुल 112 वनडे हुए हैं, जहां भारत ने 62 तो इंग्लैंड ने 45 जीते हैं. 2 मैच टाई और 3 बेनतीजा रहे हैं. 

प्लेइंग 11 में हुआ बड़ा बदलाव 

केएल राहुल पूरी तरह से फिट नहीं हैं. इसलिए उनकी जगह ईशान किशन को जगह दी गई. पहले वनडे में भारत ने 259 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 46वें ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया था. कप्तान शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 80 रन बनाए थे.

कार्ड‍िफ ODI के लिए टीम इंड‍िया की प्लेइंग 11: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा.

कार्ड‍िफ ODI के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग 11: बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेट कीपर), सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, साकिब महमूद.

टीम इंड‍िया का वनडे स्क्वॉड: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव, शिवम दुबे, प्रसिद्ध कृष्णा.

Advertisement

इंग्लैंड  का वनडे स्क्वॉड: बेन डकेट, विल जैक्स, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर, जैकब बेथेल, सैम करन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राश‍िद, साकिब महमूद, टॉम बैंटन, जोश टंग, गस एटकिंसन, जेम्स कोल्स, रेहान अहमद.

भारत vs इंग्लैंड (वनडे सीरीज का शेड्यूल)
• 14 जुलाई: पहला वनडे, बर्मिंघम (भारत 6 विकेट से जीता)
• 16 जुलाई: दूसरा वनडे, कार्डिफ (इंग्लैंड की 4 विकेट से जीत)
• 19 जुलाई: तीसरा वनडे, लॉर्ड्स, दोपहर 3.30 बजे

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement