इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारत की जीत के बाद टीम इंडिया के युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है. ICC ने बरार को कोड ऑफ कंडक्ट (Code of Conduct) का उल्लंघन करने का दोषी पाया और उन्हें आधिकारिक फटकार (Official Reprimand) के साथ एक डिमेरिट पॉइंट दिया है. यह एक्शन दूसरे वनडे से ठीक पहले हुआ है, जहां भारत की नजर तीन मैचों की सीरीज अपने नाम करने पर है.
भारत ने बर्मिंघम में खेले गए पहले वनडे में इंग्लैंड को छह विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी. हालांकि मैच के दौरान हुई एक घटना अब गुरनूर बरार के लिए परेशानी का कारण बन गई.
India pacer has been found guilty of breaching the ICC Code of Conduct against England.
— ICC (@ICC) July 16, 2026
More details ⬇️https://t.co/TN96YU8nsh
किस वजह से हुई ICC की कार्रवाई?
ICC के आधिकारिक बयान के मुताबिक, गुरनूर बरार ने आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन किया. यह नियम किसी खिलाड़ी की ओर अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद फेंकने से जुड़ा है. यह घटना इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर में हुई. बरार ने गेंद को फील्ड करने के बाद बल्लेबाज की दिशा में फेंका, जिसे ICC ने अनुचित और संभावित रूप से खतरनाक माना.
मैच रेफरी रिची रिचर्डसन (ICC Elite Panel) ने बरार पर प्रस्तावित सजा सुनाई, जिसे भारतीय तेज गेंदबाज ने स्वीकार कर लिया. चूंकि उन्होंने अपनी गलती मान ली, इसलिए औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी.
मिला एक डिमेरिट पॉइंट
ICC ने गुरनूर बरार को आधिकारिक फटकार के साथ एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया है. पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला डिमेरिट पॉइंट है. बरार पर आरोप ऑन-फील्ड अंपायर कुमार धर्मसेना और माइक बर्न्स, तीसरे अंपायर सैम नोगाजस्की तथा चौथे अंपायर रसेल वॉरेन ने लगाए थे. ICC के नियमों के अनुसार, Level-1 के उल्लंघन पर खिलाड़ी को आधिकारिक फटकार, मैच फीस का अधिकतम 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट पॉइंट तक दिए जा सकते हैं.
कैसा रहा है बरार का प्रदर्शन
अनुशासनात्मक कार्रवाई के बावजूद गुरनूर बरार ने पहले वनडे में गेंद से प्रभावशाली प्रदर्शन किया. हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे डेब्यू करने वाले बरार ने अपने करियर का चौथा वनडे खेलते हुए नौ ओवर में 61 रन देकर दो विकेट लिए.
उन्होंने एक ही ओवर में इंग्लैंड के दोनों सलामी बल्लेबाज बेन डकेट और जैकब बेथेल को आउट कर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई. पावरप्ले में मिले इन दो बड़े विकेटों ने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया. आखिरकार भारत ने मुकाबला छह विकेट से जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. अब दूसरे वनडे में सभी की नजरें गुरनूर बरार पर होंगी, जो इस विवाद को पीछे छोड़ते हुए एक बार फिर दमदार प्रदर्शन करना चाहेंगे.