scorecardresearch
 

'जय जवान, जय किसान' वाला टैटू ध्रुव जुरेल ने शतक के बाद क्यों दिखाया? पिता और दादा से जुड़ी है बेहद भावुक कहानी

Dhruv Jurel Jai Jawan Jai Kisan Tattoo: श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शतक जड़ने के बाद ध्रुव जुरेल ने खास अंदाज में सेल‍िब्रेट किया. इस दौरान उन्होंने बाइसेप्स पर बने 'जय जवान, जय किसान' टैटू को दिखाया. इसके पीछे उनके पिता और दादा से जुड़ी बेहद भावुक कहानी है.

Advertisement
X
100 बनते ही ध्रुव जुरेल का खास सलाम! बाइसेप्स पर दिखा 'जय जवान, जय किसान' (Photo: PTI)
100 बनते ही ध्रुव जुरेल का खास सलाम! बाइसेप्स पर दिखा 'जय जवान, जय किसान' (Photo: PTI)

कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन ध्रुव जुरेल ने नाबाद 115 रनों की शानदार पारी खेली. लेकिन शतक पूरा करने के बाद उनके सेलिब्रेशन ने भी सबका ध्यान खींचा. जुरेल ने पहले सलाम किया और फिर अपने बाइसेप्स पर बने 'जय जवान, जय किसान' टैटू को दिखाया.

अब जुरेल ने खुद बताया है कि आखिर इस टैटू के पीछे की कहानी क्या है और उनका यह सलाम किसके लिए था.

पिता फौजी थे, दादा किसान... इसलिए दिखाया टैटू
ध्रुव जुरेल ने शतक के बाद अपने सेलिब्रेशन को पिता और दादा को समर्पित किया. उन्होंने बताया कि उनके दादा किसान थे, जबकि पिता सेना में रहे हैं. यही वजह है कि उनके बाइसेप्स पर 'जय जवान, जय किसान' लिखा हुआ है.

जुरेल ने कहा, 'मेरे दादा किसान थे और मेरे पिता सैनिक थे. यही मेरी जड़ें हैं और मैं उन्हें कभी भूलना नहीं चाहता. इसलिए मेरा वह सलाम मेरे पिता और दादा के लिए था.'

यह जुरेल के टेस्ट करियर का दूसरा शतक रहा. उनकी नाबाद 115 रनों की पारी में धैर्य, समझदारी और हालात के हिसाब से बल्लेबाजी साफ नजर आई.

Advertisement

99 पर पहुंचकर बढ़ गई थी टेंशन, जुरेल  ने डाइव क्यों मारी 
ध्रुव जुरेल 99 रन तक काफी सहज तरीके से पहुंच गए थे, लेकिन शतक से सिर्फ एक रन पहले श्रीलंकाई गेंदबाज और फील्डर्स ने उन्हें रोकने की कोशिश की.

जुरेल ने इस पल को याद करते हुए कहा कि 99 तक उन्हें रन मिल रहे थे, लेकिन 99 पर पहुंचते ही असीथा फर्नांडो ने अच्छी लेंथ पर गेंदबाजी शुरू कर दी और श्रीलंका की फील्डिंग भी काफी चुस्त हो गई.

इसके बाद जुरेल ने फर्नांडो की गेंद पर सीधा शॉट खेला. उन्हें लगा कि गेंदबाज के ऊपर से गेंद निकल जाएगी और फील्डर से पहले गैप मिल जाएगा. लेकिन जब उन्होंने फील्डर को तेजी से करीब आते देखा तो उनके मन में आया, 'ओह! मैंने ये क्या कर दिया.' आखिरकार जुरेल ने एक रन के लिए दौड़ लगाई और डाइव लगाकर अपना शतक पूरा किया.

पंत के साथ 112 रन की साझेदारी, हर मौके पर लेते रहे सलाह
इस पारी के दौरान जुरेल ने ऋषभ पंत के साथ 112 रनों की अहम साझेदारी भी की. दोनों विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, लेकिन उनकी बल्लेबाजी का अंदाज एक-दूसरे से काफी अलग है. पंत ने अपनी चिर-परिचित आक्रामक शैली में 63 रन बनाए, जबकि जुरेल ने अपनी ताकत पर भरोसा करते हुए पारी को आगे बढ़ाया.

Advertisement

जुरेल ने बताया कि पंत के साथ बल्लेबाजी करना उनके लिए खास अनुभव है. उन्होंने कहा, 'हम सभी जानते हैं कि पंत कितने शानदार खिलाड़ी हैं और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में भारत के लिए क्या किया है. जब भी वह बल्लेबाजी कर रहे होते हैं, मैं उनसे सलाह लेता हूं क्योंकि उनके पास काफी अनुभव है.' जुरेल ने बताया कि वह अलग-अलग परिस्थितियों में पंत से पूछते रहते हैं कि उन्हें क्या करना चाहिए.

जुरेल क्या पंत की तरह खेल सकते हैं?
क्या पंत के साथ बल्लेबाजी करते हुए जुरेल को भी उनकी तरह आक्रामक शॉट खेलने का मन करता है? इस सवाल पर जुरेल ने साफ कहा कि टेस्ट क्रिकेट को खूबसूरत बनाने वाली बात ही यही है कि हर खिलाड़ी का खेलने का तरीका अलग होता है.

उन्होंने कहा- पंत के साथ खेलना शानदार अनुभव है, लेकिन मैं उनकी तरह नहीं खेल सकता. वह बचपन से जिस तरह खेलते आए हैं, वह अलग है.'

जुरेल ने अपने बल्लेबाजी प्लान के बारे में बताया कि वह यह समझने की कोशिश करते हैं कि किस गेंदबाज पर हमला करना है और किसके स्पेल को संभलकर खेलना है.

उन्होंने यह भी कहा कि पंत से सलाह लेना आसान होता है क्योंकि दोनों विकेटकीपर हैं और मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हैं. ऐसे में मैदान के बीच दोनों के बीच काफी अच्छी बातचीत होती है.

Advertisement

क्या पंत खेल पाएंगे, जुरेल ने दी फिटनेस अपडेट
दिन के आखिर में ऋषभ पंत विकेटकीपिंग करते नजर नहीं आए. उनकी जगह ध्रुव जुरेल ने विकेटकीपिंग की. जुरेल ने बताया कि पंत के दाएं कंधे पर चोट लगी है और टीम उनकी स्थिति पर करीबी नजर रख रही है.

उन्होंने कहा- अभी उनके दाएं कंधे पर चोट लगी है और हम उन्हें करीब से मॉनिटर कर रहे हैं. आज मैंने विकेटकीपिंग की क्योंकि उनके कंधे में थोड़ी परेशानी थी. उम्मीद है कि वह कल फिट होंगे.

जुरेल का शतक और स‍िराज का जश्न
ध्रुव जुरेल ने अपनी पारी के बाद मोहम्मद सिराज को भी नहीं भुलाया. सिराज ने 29 गेंदों का सामना कर जुरेल को शतक तक पहुंचने का मौका दिया. जुरेल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जब भी वह सिराज से बात करते हैं, ऐसा लगता है कि सिराज खुद उनसे ज्यादा जश्न मनाते हैं.

उन्होंने कहा- सिराज से जब भी बात होती है, मुझे लगता है कि वह मुझसे भी ज्यादा जश्न मनाते हैं. उनकी सबसे अच्छी बात यह रही कि उन्होंने काफी मजबूती से डिफेंड किया. यह काफी अच्छा था. 

जुरेल के इंस्टाग्राम बायो की कहानी क्या है? 
ध्रुव जुरेल के इंस्टाग्राम बायो में एक खास लाइन लिखी है - Mamba Mentality. यह शब्द बास्केटबॉल के महान खिलाड़ी कोबे ब्रायंट से जुड़ा है, जिसका मतलब खुद को लगातार बेहतर बनाते हुए अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर तक पहुंचने की कोशिश करना है.

Advertisement

श्रीलंका के खिलाफ उनकी नाबाद 115 रनों की पारी भी इसी सोच की झलक देती है. एक छोर पर ऋषभ पंत अपने आक्रामक अंदाज में रन बना रहे थे, लेकिन जुरेल ने अपने खेल पर भरोसा रखा और अपनी रणनीति के मुताबिक बल्लेबाजी की.

जुरेल ने यह भी माना कि श्रीलंका में भारत ए के साथ पहले दौरा करने का अनुभव उनकी तैयारियों में काफी काम आया. अब टेस्ट में नाबाद 115 रन, पिता और दादा को समर्पित खास सेलिब्रेशन और टीम के लिए महत्वपूर्ण पारी... ध्रुव जुरेल ने कोलंबो में सिर्फ शतक नहीं बनाया, बल्कि अपनी जड़ों को भी सलाम किया. फ‍िलहाल इस मुकाबले में 503-9 रन बनाकर भारतीय टीम ने पारी घोष‍ित की और दूसरे द‍िन जब खे खत्म हुआ तो श्रीलंका के 8 रन पर 2 व‍िकेट ग‍िर गए थे. मंगलवार (25 अगस्त) को मैच का तीसरा द‍िन होगा. 


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement