कर्नाटक ने शुक्रवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में विजय हजारे ट्रॉफी वनडे टूर्नामेंट के फाइनल में तमिलनाडु को 49.5 ओवरों में 252 रनों पर ढेर कर दिया. तमिलनाडु की टीम तेज गेंदबाज अभिमन्यु मिथुन के सामने बिखर गई. मिथुन ने हैट्रिक सहित पांच विकेट (5/34) झटके.
अभिमन्यु मिथुन ने तमिलनाडु के 50वें ओवर की तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर विकेट चटकाए और अपनी हैट्रिक पूरी की. मिथुन की हैट्रिक की खास बात यह रही कि उन्होंने अपने बर्थडे पर यह उपलब्धि हासिल की. वह शुक्रवार को 30 साल के हो गए.
टीम इंडिया के लिए 2011 में आखिरी बार उतरे अभिमन्यु मिथुन अचानक सुर्खियों में छा गए. वह विजय हजारे ट्रॉफी में हैट्रिक लेने वाले कर्नाटक के पहले गेंदबाज भी बने.
A Hat-trick for Abhimanyu Mithun in the final over, becomes the first Karnataka bowler to take a hat-trick in Trophy.
Tamil Nadu bowled out for 252 in 49.5 overs
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic)
अभिमन्यु मिथुन FACTS
1. विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में हैट्रिक जमाने वाले पहले गेंदबाज
2. कर्नाटक के लिए लिस्ट-ए क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज
3. रणजी और विजय हजारे ट्रॉफी दोनों में हैट्रिक जमाने वाले दूसरे गेंदबाज, पहले गेंदबाज- मुरली कार्तिक
मिथुन अपने जन्मदिन पर हैट्रिक लेने वाले महज दूसरे गेंदबाज हैं. ऑस्ट्रेलिया के पीटर सिडल ने आखिरी बार नवंबर 2010 में ब्रिस्बेन में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की थी.
ऐसी रही तमिलनाडु की पारी, अभिनव मुकुंद चमके
तमिलनाडु का शीर्ष क्रम पूरी तरह विफल रहा. सिर्फ सलामी बल्लेबाज अभिनव मुकुंद ही विकेट पर टिक सके. उन्होंने टीम के लिए सबसे ज्यादा 85 रन बनाए. मुकुंद ने 110 गेंदों का सामना किया और नौ चौके मारे.
मुकुंद के साथी मुरली विजय शून्य और हाल ही में टेस्ट मैच खेलकर लौटे रविचंद्रन अश्विन आठ रन बना सके. मुकुंद को बाबा अपराजित का साथ मिला. अपराजित ने 84 गेंदों पर 66 रन बनाए और मुकुंद के साथ तीसरे विकेट के लिए 124 रनों की साझेदारी की.
148 के कुल स्कोर पर प्रतीक जैन ने मुकुंद को पवेलियन भेजा. मुकुंद के बाद आए विजय शंकर ने 38 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन 178 के कुल स्कोर पर अपराजित रन आउट हो गए और शंकर अकेले पड़ गए.
कप्तान दिनेश कार्तिक 11, शाहरुख खान 27, वॉशिंगटन सुंदर 2, एम. मोहम्मद 10 रन ही बना सके. मिथुन ने मुरुगुन अश्विन (0) को आउट कर तमिलनाडु की पारी का अंत. मिथुन के अलावा वी. कौशिक ने दो विकेट निकाले, प्रतीक जैन और कृष्णाप्पा गौतम ने एक-एक विकेट लिया.
बारिश की बाधा के बीच कर्नाटक ने जीता चौथा खिताब
कर्नाटक ने चौथी बार विजय हजारे ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया है. मेजबान टीम ने शुक्रवार को अपने घर एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में पांच बार की विजेता तमिलनाडु को बारिश से बाधित मैच में वीजेडी प्रणाली से 60 रनों से हरा दिया.
कनार्टक ने अभिमन्यु मिथुन के पांच विकेट के दम पर तमिलनाडु को 49.5 ओवरों में 252 रनों पर ढेर कर दिया. कर्नाटक ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 23 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर 146 रन बना लिये थे. तभी बारिश आ गई और मैच रोक दिया गया. इसके बाद मैच नहीं हो सका और कर्नाटक वीजेडी प्रणाली से मैच जीतने में सफल रही.
मैच जब रुका, तब कर्नाटक के सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल 52 और मयंक अग्रवाल 69 रन बनाकर खेल रहे थे. राहुल ने 72 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से अर्धशतक बनाया, तो वहीं मयंक ने 55 गेंदों पर सात चौके और तीन छक्के की मदद से अर्धशतकीय पारी खेली.
मेजबान टीम ने एक मात्र विकेट देवदूत पडीकल (11) का खोया. उन्हें 34 के कुल स्कोर पर वॉशिंगटन सुंदर ने पवेलियन भेजा.