scorecardresearch
 

उमरा करने मक्का गया था ये दिग्गज क्रिकेटर... अब अमेरिका-ईरान वॉर में फंसा

मुश्फिकुर रहीम ऐसे पहले बांग्लादेशी क्रिकेटर हैं, जिन्होंने 100 टेस्ट मैच खेले. मुश्फिकुर रहीम टी20 इंटरनेशनल और वनडे इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं. ऐसे में वो केवल रेड बॉल क्रिकेट में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व करते हैं.

Advertisement
X
मुश्फिुकर रहीम ने शेयर किया भावुक पोस्ट. Photo: Facebook/@MushfiqurOfficial)
मुश्फिुकर रहीम ने शेयर किया भावुक पोस्ट. Photo: Facebook/@MushfiqurOfficial)

मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम जेद्दा एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं. इजरायल-यूएस की ओर से ईरान पर हमले के बाद क्षेत्र में हालात बेहद संवेदनशील हो गए हैं, जिसके चलते कई देशों ने एहतियातन अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.

मुश्फिकुर रहीम उमरा करने के लिए मक्का गए थे. उनका दुबई के रास्ते ढाका लौटने का प्लान था. मुश्फिकुर एमिरेट्स की फ्लाइट EK0806 से जेद्दा से दुबई के लिए रवाना हुए थे. हालांकि, इस क्षेत्र में युद्ध से पैदा हुए तनाव के कारण सभी उड़ानों को बीच रास्ते से ही वापस जेद्दा लौटा दिया गया. मुश्फिकुर ने अपने आधिकारिक फेसबुक पोस्ट में भावुक संदेश साझा किया.

मुश्फिकुर रहीम ने लिखा, 'मैं कुछ दिन पहले उमराह के लिए मक्का आया था. मैंने अपना हज पूरा कर लिया था और दुबई (एमिरेट्स) के जरिए बांग्लादेश लौट रहा था. लेकिन अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच युद्ध की स्थिति के कारण सभी उड़ानें वापस जेद्दा लौट आई हैं. अब मैं हजारों यात्रियों के साथ जेद्दा एयरपोर्ट पर हूं. सिर्फ अल्लाह ही जानता है कि हम कब और कैसे ढाका लौट पाएंगे. दुआ की दरख्वास्त है.'

Advertisement

ऐसा रहा है मुश्फिकुर का इंटरनेशनल करियर
मुश्फिकुर रहीम ने बांग्लादेश के लिए 100 टेस्ट, 274 ओडीआई और 102 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 34.45 की औसत से 15805 रन बनाए हैं. मुश्फिुकर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 22 शतक और 83 अर्धशतक जमाए है. मुश्फिकुर अब केवल टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व करते हैं.

तेजी से बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए बिमान बांग्लादेश एयरलाइन्स ने मिडिल ईस्ट के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं. वहीं कतर एयरवेज और एमिरेट्स सहित कई अन्य अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन्स ने भी उड़ानें रद्द कर दी हैं या अपने रूट बदल दिए हैं.

इजरायल-यूएस संग ईरान के बढ़ते तनाव और संभावित जवाबी हमलों की आशंका के चलते जॉर्डन, इराक और लेबनान के ऊपर का एयरस्पेस भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. फिलहाल मुश्फिकुर रहीम अनिश्चितता और इंतजार के दौर से गुजर रहे हैं. हजारों यात्रियों की तरह वह भी जेद्दा एयरपोर्ट पर फंसे हैं और हालात सामान्य होने की दुआ कर रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement