भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली. शनिवार (4 जुलाई) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में आयोजित मैच में अक्षर ने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का विकेट लेकर टी20 इंटरनेशनल में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए.
32 वर्षीय अक्षर पटेल अब भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बन गए हैं. सबसे बड़ी बात यह है कि वह यह मुकाम हासिल करने वाले पहले भारतीय स्पिनर भी हैं. उनसे पहले यह खास उपलब्धि सिर्फ तीन भारतीय तेज गेंदबाजों ने हासिल की थी.
अक्षर पटेल ने अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि मैच के पांचवें ओवर में हासिल की. उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक को आउट कर अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का 100वां विकेट लिया. यह उपलब्धि उन्होंने अपने 98वें टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में हासिल की.
यह भी पढ़ें: जैकब बेथेल के सामने भारतीय गेंदबाज चित, इंग्लैंड ने 4 विकेट से जीता दूसरा T20
टीम इंडिया के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले अक्षर पटेल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत के सबसे भरोसेमंद प्लेयर्स में शामिल हैं.
भारत के लिए 100 T20I विकेट लेने वाले गेंदबाज
अर्शदीप सिंह- 134 विकेट (88 मैच)
जसप्रीत बुमराह- 121 विकेट (95 मैच)
हार्दिक पंड्या- 114 विकेट (138 मैच)
अक्षर पटेल-100 विकेट (98 मैच)
भारतीय टीम के लिए अब तक कई सारे स्पिनर टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं, लेकिन कोई भी 100 विकेट के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया था. अक्षर पटेल ने यह इंतजार खत्म करते हुए नया इतिहास रच दिया. इस सूची में युजवेंद्र चहल सबसे करीब हैं, जिनके नाम पर 80 टी20I मैचों में 96 विकेट दर्ज हैं.
पिछले कुछ वर्षों में अक्षर पटेल ने खुद को भारत के सबसे उपयोगी ऑलराउंडरों में शामिल किया है. नई गेंद हो या बीच के ओवर, कप्तान मुश्किल समय में अक्सर उन्हीं पर भरोसा जताते हैं. उनकी सटीक लाइन-लेंथ, कसी हुई गेंदबाजी और दबाव में विकेट निकालने की क्षमता उन्हें बाकी स्पिनरों से अलग बनाती है. गेंदबाजी के अलावा अक्षर कई मौकों पर बल्ले से भी टीम इंडिया के लिए अहम पारियां खेल चुके हैं. यही वजह है कि वह तीनों प्रारूपों में भारतीय टीम का अहम हिस्सा बन चुके हैं.
100 टी20 इंटरनेशनल विकेट का आंकड़ा छूना किसी भी गेंदबाज के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है. अगर उनका प्रदर्शन इसी तरह जारी रहा तो आने वाले समय में वह भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में और ऊपर पहुंच सकते हैं.