शिवसेना की धमकी के बाद आईसीसी ने पाकिस्तानी अंपायर अलीम डार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज के बाकी दो मैचों से हटा लिया है. उन्होंने पहले तीन वनडे मैचों में अंपायरिंग की थी. उन्हें 22 और 25 अक्टूबर को होने वाले में भी अंपायरिंग करनी थी.
आईसीसी ने बयान जारी कर कहा कि मुंबई में बीसीसीआई मुख्यालय पर अतिवादी गुट के प्रदर्शन और डार को पांचवें वनडे में अंपायरिंग न करने देने की धमकी के बाद उन्हें हटाने का फैसला किया गया है.
नए अंपायर की घोषणा जल्द
आईसीस प्रवक्ता ने कहा, 'ऐसे हालात में अलीम से यह उम्मीद करना अनुचित होगा कि वह अपनी सर्वश्रेष्ठ योग्यता के अनुसार अपनी भूमिका निभाएंगे, इसलिए उन्हें हटा दिया गया है और उनके स्थान पर नये अंपायर की घोषणा जल्द की जाएगी.
शिवसेना ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शहरयार खान और बीसीसीआई प्रमुख शशांक मनोहर की सोमवार को मुंबई में होने वाली बैठक से पहले बीसीसीआई मुख्यालय पर हमला बोल दिया था. इसके चलते बातचीत भी स्थगित कर दी गई.