भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को लेकर पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने बड़ा बयान दिया है. चोपड़ा का मानना है कि सिराज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बहुत जल्द केवल एक फॉर्मेट का खिलाड़ी मान लिया गया, जबकि उन्होंने हर प्रारूप में खुद को साबित करने की क्षमता दिखाई है.
आकाश चोपड़ा ने कहा कि मोहम्मद सिराज के साथ चयन के मामले में पूरी तरह न्याय नहीं हुआ. उन्हें टेस्ट क्रिकेट में लगातार जिम्मेदारियां दी गईं, लेकिन सीमित ओवरों की टीम से अचानक बाहर कर दिया गया. चोपड़ा के अनुसार यह फैसला सिराज के प्रदर्शन के अनुरूप नहीं था. अपने X अकाउंट पर साझा किए गए एक वीडियो में आकाश चोपड़ा ने कहा कि मोहम्मद सिराज को बहुत जल्द वन-फॉर्मेट खिलाड़ी का टैग दे दिया गया.
उन्होंने कहा, 'बहुत जल्दी हमने उन्हें वन-फॉर्मेट खिलाड़ी बनाकर छोड़ दिया. यह तय कर लिया गया कि वह पुरानी गेंद से अच्छी गेंदबाजी नहीं कर सकते और इसलिए उन्हें बाहर कर दिया गया. वह लंबे समय तक टीम से बाहर रहे, लेकिन फिर किस्मत बदली और उन्हें टी20 वर्ल्ड कप टीम में मौका मिला. वहां उन्होंने पहले ही मैच में तीन विकेट लेकर साबित कर दिया कि वह अभी भी कितने प्रभावी गेंदबाज हैं.'
आकाश चोपड़ा ने भारतीय टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं के फैसलों पर भी सवाल खड़े किए. उनका कहना था कि मोहम्मद सिराज को टेस्ट क्रिकेट में लगातार खिलाया गया, लेकिन जब वनडे और टी20 टीम की बात आई तो उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया.
यह भी पढ़ें: काला चश्मा, खतरनाक बाउंसर और थम्ब्स-अप... इस कीवी क्रिकेटर ने मैदान पर लूट ली महफिल
आकाश चोपड़ा ने कहा, 'एक समय ऐसा था जब मुझे लगा कि सिराज के साथ सही नहीं हो रहा. टेस्ट क्रिकेट में उन्हें लगातार खिलाया गया, जहां हर खिलाड़ी के लिए वर्कलोड मैनेजमेंट की बात होती है, लेकिन सिराज के मामले में ऐसा नहीं हुआ. फिर अचानक कहा गया कि वह वनडे टीम का हिस्सा नहीं हैं और बाद में टी20 टीम से भी बाहर कर दिया गया.'
यह भी पढ़ें: वैभव को BCCI का सहारा, विवाद के बीच बड़ा फैसला, अब इंग्लैंड दौरे पर साथ रहेंगे माता-पिता
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने 2025 चैम्पियंस ट्रॉफी टीम से सिराज को बाहर रखने के फैसले पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि कम से कम वनडे टीम में सिराज की जगह जरूर बनती थी. आकाश चोपड़ा ने कहा, 'मुझे लगा कि चैम्पियंस ट्रॉफी टीम में उनका नाम होना चाहिए था. टी20 टीम को लेकर बहस हो सकती है, लेकिन वनडे टीम में सिराज को जरूर शामिल किया जाना चाहिए था.'
मोहम्मद सिराज ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर एक बार फिर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा. पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और बाद में गुजरात टाइटन्स (GT) के लिए प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए उन्होंने साबित किया कि वह सिर्फ टेस्ट क्रिकेट ही नहीं, बल्कि सीमित ओवरों में भी मैच जिताने की क्षमता रखते हैं. इसी प्रदर्शन का इनाम उन्हें 2026 टी20 वर्ल्ड कप टीम में चयन के रूप में मिला. वहां भी उन्होंने मौके का पूरा फायदा उठाया और शानदार गेंदबाजी से अपनी उपयोगिता साबित की.
अफगानिस्तान के खिलाफ जारी वनडे सीरीज के लिए मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया था. हालांकि आकाश चोपड़ा का मानना है कि सिराज आज भी भारत की व्हाइट-बॉल योजनाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उन्हें सिर्फ टेस्ट विशेषज्ञ मानना उनकी प्रतिभा के साथ नाइंसाफी होगी.