scorecardresearch
 

काला चश्मा, खतरनाक बाउंसर और थम्ब्स-अप... इस कीवी क्रिकेटर ने मैदान पर लूट ली महफिल

ओवल टेस्ट मैच में ग्लेन फिलिप्स की बैटिंग से ज्यादा चर्चा उनके अंदाज की हो रही है. काला चश्मा पहनकर जोफ्रा आर्चर के खिलाफ उन्होंने जिस तरह बल्लेबाजी की, वो दर्शनीय था. फिलिप्स क्रिकेट जगत के बेहतरीन फील्डर्स में शुमार किए जाते हैं.

Advertisement
X
ग्लेन फिलिप्स बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. (Photo: Reuters)
ग्लेन फिलिप्स बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. (Photo: Reuters)

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच द ओवल में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन (17 जून) एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने क्रिकेट फैन्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स अपने अनोखे अंदाज की वजह से चर्चा में रहे. फिलिप्स मैदान पर काला चश्मा पहनकर बल्लेबाजी करने उतरे और फिर इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की खतरनाक बाउंसरों का डटकर सामना किया.

पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने 7 विकेट पर 291 रन बनाए थे. फिलिप्स 49 रन बनाकर नाबाद लौटे और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. हालांकि उनकी पारी सिर्फ रन बनाने के लिए नहीं, बल्कि मैदान पर हुए दिलचस्प घटनाक्रमों के लिए भी याद रखी जाएगी.

न्यूजीलैंड की पहली पारी के 67वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स ने ड्रेसिंग रूम से सनग्लासेस मंगवाए. दरअसल, सूरज की रोशनी साइट स्क्रीन से टकराकर उनकी आंखों में पड़ रही थी, जिससे उन्हें गेंद देखने में परेशानी हो रही थी. चश्मा पहनकर बल्लेबाजी करने का उनका फैसला तुरंत चर्चा का विषय बन गया. लेकिन असली चुनौती अभी बाकी थी.

आर्चर की बाउंसर गेंदों को झेला
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने जोफ्रा आर्चर को एक और स्पेल के लिए गेंद थमाई. इससे पहले ग्लेन फिलिप्स डेब्यू कर रहे सॉनी बेकर के खिलाफ कुछ शानदार शॉट खेल चुके थे. आर्चर ने आते ही फिलिप्स को शॉर्ट-पिच गेंदों से निशाना बनाना शुरू कर दिया. चश्मा पहनने के बाद फिलिप्स को पहली ही गेंद कंधे पर लगी. इसके बाद आर्चर लगातार तेज बाउंसर फेंकते रहे. एक गेंद इतनी तेजी से उनके सिर के पास से निकली कि फिलिप्स संतुलन खो बैठे और पिच पर गिर गए.

Advertisement

गिरने के बाद ग्लेन फिलिप्स ने न्यूजीलैंड के ड्रेसिंग रूम की ओर देखा और मुस्कुराते हुए 'थम्ब्स-अप' का इशारा किया. उनका यह अंदाज देखकर ड्रेसिंग रूम में मौजूद खिलाड़ी भी अपनी हंसी नहीं रोक सके. दिन का खेल खत्म होने के बाद डेरिल मिचेल ने भी फिलिप्स की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि फिलिप्स ऐसे ही खिलाड़ी हैं जो दबाव वाले पलों का आनंद लेते हैं.

डेरिल मिचेल ने कहा, 'वह ऐसे ही मौकों पर खिलते हैं. चश्मा पहनकर बल्लेबाजी करना, कूल दिखना और फिर आर्चर जैसे गेंदबाज का सामना करना, यही ग्लेन फिलिप्स हैं. जब वह जमीन पर गिरकर हमें थम्ब्स-अप दिखा रहे थे, तो हम सब हंस रहे थे.'

ग्लेन फिलिप्स के लिए पिछले कुछ महीने आसान नहीं रहे. आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में गुजरात टाइटन्स (GT) के लिए उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और उनकी जगह जेसन होल्डर को प्राथमिकता दी गई. लेकिन इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने शानदार वापसी की है. लॉर्ड्स टेस्ट में उन्होंने 34 और नाबाद 44 रन की पारियां खेली थीं. अब ओवल में उनका बल्ला गरजा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement