खाटू श्याम जी मंदिर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान मंदिर के पास नया रेलवे स्टेशन बनाने की घोषणा की है. इस परियोजना का उद्देश्य देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है. रेल मंत्री से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में सीकर के पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, राजस्थान सरकार में नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा और श्याम मंदिर समिति के प्रतिनिधि शक्ति सिंह चौहान, मानवेन्द्र सिंह चौहान तथा मोहन सिंह दास चौहान शामिल थे.
घोषणा के अनुसार नया रेलवे स्टेशन सीकर-रींगस रेलखंड पर पलसाना और बावरी ठिकरिया रेलवे स्टेशनों के बीच बनाया जाएगा. यह स्टेशन खाटू श्याम जी मंदिर से लगभग 11 किलोमीटर की दूरी पर होगा. इससे देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि परियोजना के तहत सबसे पहले तकनीकी, इंजीनियरिंग और सिग्नलिंग से जुड़े कार्य शुरू किए जाएंगे. इसके बाद रेलवे स्टेशन भवन का निर्माण किया जाएगा.
रेल मंत्री ने मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल से की मुलाकात
नए रेलवे स्टेशन का डिजाइन राजस्थान की पारंपरिक वास्तुकला को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा. स्टेशन पर यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक इंतजाम किए जाएंगे. यहां बुकिंग कार्यालय, बड़े प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय और श्रद्धालुओं की जरूरतों के अनुरूप अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. माना जा रहा है कि इस परियोजना से हर साल खाटू श्याम जी मंदिर पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बड़ा लाभ मिलेगा. लंबी दूरी तय कर आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सहज और आरामदायक होगी.
धार्मिक पर्यटन और क्षेत्रीय संपर्क को मिलेगा बढ़ावा
इस रेलवे स्टेशन के बनने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. साथ ही क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. रेलवे की यह पहल श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखकर विकसित किए जा रहे बुनियादी ढांचे की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. फिलहाल परियोजना को लेकर प्रारंभिक तैयारियां शुरू की जाएंगी. तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्टेशन निर्माण का काम आगे बढ़ाया जाएगा.