नोएडा की मदरसन कंपनी की दो यूनिट राजस्थान के भिवाड़ी और टपूकड़ा में संचालित है. भिवाड़ी के पथरेडी मदरसन कंपनी में श्रमिकों का हंगामा लगातार दूसरे दिन भी जारी है. नोएडा में सुलग रही आग का असर भिवाड़ी में नजर आ रहा है. नोएडा में भी मदरसन कंपनी के प्लांट में हंगामा हुआ. वहां के वीडियो जब वायरल हुए, तो भिवाड़ी श्रमिकों ने वेतन बढ़ाने की मांगो को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया और हंगामा शुरू किया.
कंपनी के गेट पर सेकड़ो की संख्या में श्रमिक जमा हुए. उनको समझने का काम भी लगातार पुलिस और प्रशासन की तरफ से किया जा रहा है. हालांकि श्रमिक झुकने को तैयार नहीं है. श्रमिक 20 हजार रुपए वेतन देने कि मांग पर अड़े हुए है. कंपनी प्रशासन की तरफ से श्रमिकों को प्रति माह 3400 रुपए बढ़ाने का आश्वासन दिया है. साथ ही श्रमिकों को मिलने वाले ओवरटाइम के 61 रुपए कि जगह 75 रुपए किया गया है और कंपनी में नर्सिंग कर्मी तैनात करने का आश्वासन दिया है.
उत्तर प्रदेश और हरियाणा में श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन जारी है. इसका असर राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्र और औद्योगिक नगरी भिवाड़ी पर भी नजर आने लगा है. राजस्थान के भिवाड़ी में भी लगातार दो दिनों से अलग-अलग कंपनियों में विरोध प्रदर्शन चल रहा है. भिवाड़ी की सुपराजित इंजीनियरिंग कंपनी में विरोध प्रदर्शन हुआ. उसको प्रशासन ने शांत करवाया तो उसके अगले दिन मदरसन कंपनी के दोनों प्लाटों में श्रमिक 20 हजार रुपए वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे और धरना दिया.
भिवाड़ी में प्रदर्शन जारी
भिवाड़ी के पथरेड़ी के प्लांट में दूसरे दिन भी श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन जारी है. इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और लगातार बातचीत चल रही है. श्रमिकों का आरोप है कि महिला श्रमिकों के साथ कंपनी में कर्मचारी और अधिकारी छेड़छाड़ करते हैं और अभद्र भाषा का व्यवहार करते हैं. ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. उनको नौकरी से निकालना चाहिए.
इस दौरान वार्ता में कंपनी मैनेजमेंट ने कर्मचारियों की मांगे मानते हुए उनको हर महीने मिलने वाले वेतन में 3400 रुपए बढ़ोतरी करने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि इसी महीने से मिलने वाले वेतन में 3400 की बढ़ोतरी की जाएगी.
साथ ही ओवरटाइम के मिलने वाले पैसे में भी बढ़ोतरी की गई है. इसके अलावा मेडिकल स्टाफ जरूरत के लिए एक 24 घंटे नर्सिंग कर्मी की व्यवस्था करने का भी आश्वासन दिया गया है. इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस कर्मियों की बहस श्रमिकों से हुई और उसके वीडियो भी लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है. इस बीच औद्योगिक इकाइयों के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं.
श्रमिकों से वार्ता के लिए कांग्रेस नेता इमरान खान भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मैनेजमेंट से बातचीत करते हुए कर्मचारियों की समस्या रखी. इस दौरान मैनेजमेंट ने कहा कि कर्मचारियों की लगभग सभी मांगे मानी गई है. सबसे ज्यादा वेतन भिवाड़ी में कर्मचारियों को मिल रहा है.
राजस्थान में अनस्किल्ड न्यूनतम श्रमिक का वेतनमान 7400 रुपए निर्धारित है. कंपनी की बढ़ोतरी के बाद श्रमिकों को 16 हजार 339 रुपए का वेतन मिलेगा. जो हरियाणा और उत्तर प्रदेश से ज्यादा है. ऐसे में कर्मचारी 20 हजार रुपए वेतन की मांग पर अड़े हुए है. साथ ही उनका कहना है कि महिला श्रमिकों के साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार बातचीत के माध्यम से धरने को समाप्त करने का प्रयास कर रहे. हैं.