राजस्थान की राजधानी जयपुर में नेशनल हाईवे-148 भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई. खाटू श्याम जी के दर्शन कर लौट रहे छह दोस्तों की कार अचानक टायर फटने से बेकाबू हो गई और तेज रफ्तार में सड़क से उतरकर खाई में जा गिरी.
हादसा इतना भयावह था कि कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया.
हादसा रायसर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-148 पर हुआ. जानकारी के अनुसार, आगरा निवासी छह दोस्त खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन करने के बाद कार से लौट रहे थे. इसी दौरान अचानक कार का टायर फट गया.
तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी. हादसे के बाद कार में सवार युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. देखें VIDEO:-
इस दर्दनाक हादसे में अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा की जान चली गई. वहीं, राहुल और अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.