scorecardresearch
 

जयपुर में Red Bull के गोदाम पर बड़ी कार्रवाई, 53 हजार से ज्यादा एनर्जी ड्रिंक की केन सीज

राजस्थान के जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 'शुद्ध आहार, मिलावट पर वार' अभियान के तहत रेड बुल एनर्जी ड्रिंक के गोदाम पर छापा मारकर 53,256 बोतलें सीज कर दीं. जांच में कैन पर "Energy Drink" और "Vitalizes Body and Mind" जैसे दावे एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार भ्रामक पाए गए. नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं. रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने लोगों से भ्रामक दावों वाले उत्पादों से सतर्क रहने की अपील की है.

Advertisement
X
Red Bull के गोदाम पर छापा मारा गया है. Photo ITG
Red Bull के गोदाम पर छापा मारा गया है. Photo ITG

राजस्थान में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे 'शुद्ध आहार, मिलावट पर वार' अभियान के तहत जयपुर में रेड बुल एनर्जी ड्रिंक के गोदाम पर बड़ी कार्रवाई की गई है. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने वीकेआई (विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र) स्थित गोदाम से 53,256 एनर्जी ड्रिंक की बोतलें सीज कर दी हैं.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय की केंद्रीय टीम ने मंगलवार को वीकेआई रोड नंबर-1 स्थित मैसर्स आदर्श एसोसिएट्स के गोदाम का निरीक्षण किया.

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के नेतृत्व में टीम ने निरीक्षण के दौरान 'रेड बुल एनर्जी' नामक कैफिनेटेड बेवरेज का नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) के तहत जांच के लिए लिया.

लेबल पर भ्रामक दावे मिलने पर कार्रवाई
संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान रेड बुल के कैन पर "Energy Drink" और "Vitalizes Body and Mind" जैसे दावे लिखे मिले. विभाग के अनुसार, ये दावे भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के दिशानिर्देशों के तहत भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आते हैं.

Advertisement

विभाग ने सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया है. जांच रिपोर्ट के आधार पर लेबल पर किए गए कथित भ्रामक प्रचार को लेकर खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

लोगों से सतर्क रहने की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे भ्रामक दावे करने वाले खाद्य उत्पादों से सावधान रहें. यदि किसी उत्पाद को लेकर कोई शिकायत हो तो उसकी जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.

FSSAI के नियमों के अनुसार भारत में Red Bull को "Caffeinated Beverage" के रूप में बेचा जाता है. हालांकि, इसके लेबल पर किए गए कुछ दावे (जैसे "Vitalizes Body and Mind") यदि नियामक मानकों के अनुरूप न हों, तो उन पर आपत्ति की जा सकती है. इसी वजह से जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच के लिए नमूने लिए और कार्रवाई की.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement