scorecardresearch
 

खेत में अचानक गूंजी गोली, पेट में लगी और खत्म हो गई हिस्ट्रीशीटर महेश गुर्जर की कहानी

राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र के मुगलपुर गांव में खेत पर बैठे हिस्ट्रीशीटर महेश गुर्जर को गोली लगने से मौत हो गई. परिजनों के मुताबिक पास बैठे रिश्तेदार चेतन उर्फ काली के हाथ में मौजूद हथियार से अचानक गोली चल गई, जो महेश के पेट में लगी. गंभीर हालत में उसे जयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

Advertisement
X
इलाज के दौरान हुई मौत.(Photo: Himanshu Sharma/ITG)
इलाज के दौरान हुई मौत.(Photo: Himanshu Sharma/ITG)

कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र के मुगलपुर गांव में देर रात गोली चलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. इस घटना में हरसौरा थाने के हिस्ट्रीशीटर महेश गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी जयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार महेश गुर्जर के खिलाफ 22 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे.

जानकारी के मुताबिक, बीती रात मुगलपुर गांव में खेत पर कुछ लोग बैठे हुए थे. इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जिससे महेश गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल हालत में उसे तुरंत बानसूर अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे जयपुर के निम्स अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

यह भी पढ़ें: Video: राजस्थान के कोटपूतली में हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ा युवक, मचा हड़कंप

साथी के हथियार से चली गोली और...

थानाधिकारी जनमेजा राम ने बताया कि बानसूर अस्पताल से युवक को गोली लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खेत में दो-तीन लोग बैठे हुए थे, जिनमें महेश गुर्जर और उसका रिश्तेदार चेतन उर्फ काली भी शामिल था.

Advertisement

परिजनों के अनुसार चेतन उर्फ काली के हाथ में हथियार था, जो अचानक चल गया. गोली सीधे महेश के पेट में जा लगी. गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई. डॉक्टरों के मुताबिक गोली महेश के पेट की आंतों में जाकर फंस गई थी, जिससे शरीर में संक्रमण फैल गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पुलिस कर रही घटना की जांच

डीएसपी मेघा गोयल ने बताया कि मुगलपुर निवासी महेश गुर्जर की जयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई है. उन्होंने बताया कि महेश गुर्जर के खिलाफ विभिन्न मामलों में कुल 22 आपराधिक प्रकरण दर्ज थे. पुलिस ने शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है.

पुलिस के अनुसार जयपुर के अस्पताल में महेश के पेट से गोली नहीं निकाली जा सकी थी. इसलिए बानसूर में सर्जन ने पहले गोली निकाली और इसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि गोली गलती से चली या फिर किसी साजिश के तहत चलाई गई थी. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement