scorecardresearch
 

बर्थडे पार्टी के अगले दिन खाया बचा भोजन, एक ही परिवार के 11 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार

राजस्थान के धौलपुर जिले में बर्थडे पार्टी का बचा हुआ खाना दोबारा खाना एक परिवार को भारी पड़ गया. बासी पनीर की सब्जी खाने के बाद परिवार के 11 लोगों की तबीयत बिगड़ गई. सभी को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

Advertisement
X
एक-एक कर बिगड़ती गई सभी की तबीयत.(Photo: Umesh Mishra/ITG)
एक-एक कर बिगड़ती गई सभी की तबीयत.(Photo: Umesh Mishra/ITG)

राजस्थान के धौलपुर जिले में बर्थडे पार्टी के बाद बचा हुआ खाना दोबारा खाना एक परिवार के लिए मुसीबत बन गया. मनिया थाना क्षेत्र के लूला का पुरा गांव में बासी भोजन खाने के बाद एक ही परिवार के 11 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए. सभी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

जानकारी के मुताबिक, परिवार में दो दिन पहले एक बच्ची का जन्मदिन मनाया गया था. इस मौके पर घर में पनीर की सब्जी समेत अन्य व्यंजन बनाए गए थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद बचा हुआ भोजन अगले दिन दोबारा परिवार के सदस्यों को परोस दिया गया.

यह भी पढ़ें: धौलपुर में जुड़वा बहनों की मौत से हड़कंप, पिता पर हत्या का आरोप, चंबल में जारी सर्च ऑपरेशन

भोजन करने के कुछ ही समय बाद परिवार के एक-एक सदस्य की तबीयत बिगड़ने लगी. सभी को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी. हालत बिगड़ने पर परिजन सभी को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सभी को भर्ती कर इलाज शुरू किया.

धौलपुर

एक-एक कर बिगड़ती गई सभी की तबीयत

परिजन महेश कुशवाहा ने बताया कि उनकी भतीजी का जन्मदिन मनाया गया था, जिसमें पनीर की सब्जी बनाई गई थी. कार्यक्रम खत्म होने के बाद काफी मात्रा में भोजन बच गया था. अगले दिन उसी बचे हुए भोजन को दोबारा परिवार के लोगों ने खा लिया.

Advertisement

उन्होंने बताया कि खाना खाने के कुछ देर बाद सभी की तबीयत अचानक खराब होने लगी. पहले उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई, फिर दस्त और बेचैनी बढ़ने लगी. इसके बाद सभी को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया.

जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों में रौनक, सीमा, पिंकी, पूनम, अनुष्का, त्रिवेणी, सुनीता, लकी, नितिन, सतीश और पंचम सिंह शामिल हैं. सभी का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है.

धौलपुर

डॉक्टर बोले- सभी मरीजों की हालत स्थिर

जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. समरवीर सिंह ने बताया कि लूला का पुरा गांव में 7 जुलाई को जन्मदिन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. उस दौरान परिवार के लोगों ने पनीर की सब्जी खाई थी. जो सब्जी बच गई थी, उसका अगले दिन फिर से सेवन किया गया.

उन्होंने बताया कि इसके बाद परिवार के 11 लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत हुई. सभी मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है.

पीएमओ के अनुसार फिलहाल सभी मरीजों की हालत सामान्य और स्थिर है. डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है. शुरुआती जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का माना जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement