scorecardresearch
 

धौलपुर में जुड़वा बहनों की मौत से हड़कंप, पिता पर हत्या का आरोप, चंबल में जारी सर्च ऑपरेशन

राजस्थान के धौलपुर जिले में दो नाबालिग जुड़वा बहनों के लापता होने और उनकी संदिग्ध मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है. प्रेम प्रसंग के चलते ऑनर किलिंग की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने पिता और उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि चंबल नदी में दोनों बच्चियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है.

Advertisement
X
पंचायत में खुला राज!(Photo: Umesh Mishra/ITG)
पंचायत में खुला राज!(Photo: Umesh Mishra/ITG)

राजस्थान के धौलपुर जिले में दो नाबालिग जुड़वा बहनों की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. प्रथम दृष्टया मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा माना जा रहा है. परिवार के ही एक सदस्य ने आरोप लगाया है कि प्रेम प्रसंग से नाराज पिता और अन्य परिजनों ने दोनों बच्चियों की हत्या कर दी.

घटना सदर थाना क्षेत्र के फराकपुरा गांव की है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पिता भरत लोधा और उसके बेटे को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं, दोनों बच्चियों के शवों की तलाश के लिए चंबल नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: धौलपुर में आंधी का कहर, दीवार गिरने से पांच लोग मलबे में दबे, 2 की मौत

पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चियां जुड़वा बहनें थीं. आरोप है कि पिता भरत लोधा उन्हें कार में बैठाकर चंबल नदी के पुल तक ले गया था. कई दिनों तक दोनों बच्चियां गांव में दिखाई नहीं दीं तो ग्रामीणों और रिश्तेदारों को शक हुआ.

ग्रामीणों की पंचायत में सामने आया पूरा मामला

जब बच्चियों का कोई पता नहीं चला तो शुक्रवार को गांव में पंचायत बुलाई गई. पंचायत के दौरान भरत लोधा ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि दोनों बच्चियां चंबल नदी में गिर गई थीं. इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी.

Advertisement

परिवार के अन्य सदस्य ने आरोप लगाया कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है. उनका कहना है कि बच्चियों के प्रेम प्रसंग को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था.

धौलपुर

ग्रामीणों के मुताबिक पंचायत के बाद पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं.

पहले भी चंबल ले गया था पिता, आत्महत्या के लिए बनाया था दबाव?

परिजनों के अनुसार, यह पहली बार नहीं था जब भरत लोधा अपनी बेटियों को चंबल नदी पर लेकर गया था. आरोप है कि इससे पहले भी वह दोनों बच्चियों को आत्महत्या करने के लिए वहां ले गया था, लेकिन उस समय दोनों ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था.

बताया जा रहा है कि 11 जून को वह एक बार फिर दोनों बच्चियों को कार में बैठाकर चंबल नदी के पास ले गया. इसके बाद वह अकेले घर लौट आया और बच्चियां लापता हो गईं.

फिलहाल दोनों बच्चियों के शव बरामद नहीं हुए हैं. पुलिस और बचाव दल चंबल नदी में लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं.

एसपी समेत कई अधिकारी पहुंचे, हर पहलू से जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विकास सांगवान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड़, सदर थाना पुलिस और अन्य थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा. एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया.

Advertisement

एसपी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में बच्चियों के प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है. इसी को लेकर परिवार में कई बार विवाद, समझाइश और मारपीट होने की जानकारी मिली है. प्रारंभिक तथ्यों के अनुसार बच्चियों को चंबल नदी के पुल पर ले जाकर धक्का देने की आशंका है.

धौलपुर

हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी जांच शुरुआती चरण में है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है. तकनीकी साक्ष्यों, एफएसएल जांच और गवाहों के बयानों के आधार पर ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा.

रिश्तेदार ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जुटा रही साक्ष्य

मृतक बच्चियों के रिश्तेदार लखपत लोधा ने आरोप लगाया कि 11 जून को भरत लोधा अपनी पत्नी, बेटे, भाई और चार बच्चों को साथ लेकर गया था. बाद में जानकारी मिली कि दो बच्चियों की हत्या कर दी गई.

उन्होंने कहा कि पंचायत में भरत लोधा ने यह स्वीकार किया कि बच्चियां चंबल नदी में गिर गई थीं. इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ और पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस फिलहाल पिता और उसके बेटे से पूछताछ कर रही है. साथ ही चंबल नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला ऑनर किलिंग का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement