राजस्थान के भिवाड़ी में ब्लिंकिट के एक डिलीवरी बॉय के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ युवकों ने विनोद को लाठी-डंडों से इस कदर पीटा कि उसके आगे के दो दांत टूट गए और हाथ की चार उंगलियों में फ्रैक्चर हो गया. उसके सिर और चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं. घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. मारपीट की यह घटना घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
तिजारा के खजूरिवास गांव निवासी जितेंद्र ने बताया कि उसका भाई विनोद Blinkit में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता है. घटना वाली रात करीब 11 बजे वह सामान की डिलीवरी देने जा रहा था. इसी दौरान Blinkit स्टोर और कॉसमॉस सोसायटी के बीच कुछ युवकों ने उसे रोक लिया. आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया और जमकर पिटाई की.
यह भी पढ़ें: हरियाणा के CIA अफसर बनकर मेडिकल स्टोर मालिक से मांगी 10 लाख की फिरौती, भिवाड़ी से आरोपी गिरफ्तार
बेसुध हालत में मिला घायल, अस्पताल में भर्ती कराया
जितेंद्र के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचा तो उसका भाई बेसुध हालत में पड़ा था. हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद वहां से फरार हो चुके थे. उसने तत्काल विनोद को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. मारपीट में उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. आगे के दो दांत टूटने के अलावा हाथ की चार उंगलियों में फ्रैक्चर हुआ है. सिर और चेहरे पर भी चोटें लगी हैं.
पहले रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी, बाद में FIR
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी की. हालांकि, बाद में शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई. घटना के बाद से आरोपी फरार हैं. पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी की मांग की है. परिवार का कहना है कि आरोपियों की ओर से लगातार धमकियां दी जा रही हैं और उन्हें आशंका है कि हमलावर दोबारा हमला कर सकते हैं.
CCTV में कैद हुई मारपीट, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की पूरी वारदात कैद हो गई. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फुटेज के सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है. वहीं, घायल विनोद अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. पीड़ित पक्ष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग कर रहा है.