राजस्थान के भीलवाड़ा में एक दुखद हादसे में पुलिस विभाग के ASI महावीर सिंह की सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली से मौत हो गई. वह अपने घर पर सर्विस रिवॉल्वर को अनलोड करते समय हुए हादसे में अपनी जान गंवा बैठे. हाल ही में प्रमोशन के बाद वे एएसआई बने थे. इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे और उनके परिवार को झकझोर कर रख दिया है. उनके पिता भी राजस्थान पुलिस में सब-इंस्पेक्टर रह चुके हैं.
कोतवाली थाने में तैनात ASI महावीर सिंह रात की ड्यूटी खत्म कर सुबह करीब 8 बजे अपने घर लौटे थे. घर पहुंचने के बाद उन्होंने वर्दी बदली और अपनी सर्विस रिवॉल्वर को सुरक्षित रखने के लिए उसमें से कारतूस निकालने लगे. जब वे रिवॉल्वर से कारतूस निकाल रहे थे, तभी अचानक एक गोली चल गई. घटना के समय उनकी पत्नी भी वहीं मौजूद थीं, जो उनके लिए चाय लेकर आई थीं.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसपी और एएसपी सहित अन्य अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और एमओबी टीम को भी मौके पर बुलाया गया. मृतक महावीर सिंह का शव पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है.
चचेरे भाई तेज प्रताप सिंह ने कहा, ''महावीर सिंह मेरे बड़े भाई जैसे थे और बेहद बहादुर पुलिस अधिकारी थे. वह रात को ड्यूटी पर थे और सुबह करीब आठ बजे पुलिस ग्रुप में मैसेज भी किया था.
इसके बाद घर पहुंचे और कपड़े बदलने के बाद अपनी सर्विस रिवॉल्वर को अनलोड करने लगे. उन्होंने तीन कारतूस निकालकर बैग में रख दिए थे और चौथा कारतूस निकालते समय अचानक फायर हो गया.
दुर्भाग्य से गोली सीधे उनके सिर में जा लगी. उस समय उनकी पत्नी चाय लेकर कमरे में पहुंची थीं. महावीर सिंह कह रहे थे कि घर में लोडेड गन रखना ठीक नहीं है, इसलिए वे कारतूस निकाल रहे थे.''
DSP सज्जन सिंह ने कहा कि सुबह सूचना मिली थी कि थाना कोतवाली में तैनात ASI महावीर सिंह ड्यूटी से घर लौटने के बाद अपने घर पर मृत पाए गए.
सूचना मिलते ही FSL टीम, MOB टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.