scorecardresearch
 

'इसी जमीन में मेरा और परिवार का दाह संस्कार किया जाए...' शख्स ने मासूम बच्चों और पत्नी के साथ किया सुसाइड

राजस्थान के बाड़मेर जिले के उण्डू गांव में जमीन विवाद और पारिवारिक कलह से परेशान पति-पत्नी ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ पानी की टांकी में कूदकर आत्महत्या कर ली. मृतक ने सुसाइड नोट में अपनी मां, भाई और भाभी पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं और इसी जमीन में अंतिम संस्कार की इच्छा जताई है, पुलिस जांच में जुटी है.

Advertisement
X
जमीनी विवाद में परिवार ने किया सुसाइड
जमीनी विवाद में परिवार ने किया सुसाइड

राजस्थान के बाड़मेर जिले के शिव थाना क्षेत्र के उण्डू गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. मंगलवार रात एक परिवार के चार लोगों ने पानी की टांकी में कूदकर सामूहिक रूप से आत्महत्या कर ली. मृतकों की पहचान शिवलाल (35), उसकी पत्नी कविता (32), बेटा रामदेव (8) और बजरंग (9) शामिल हैं.

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें शिवलाल ने पारिवारिक झगड़े और जमीन विवाद का जिक्र किया है. उसने अपनी मां, भाई मांगीलाल और भाभी पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. साथ ही लिखा कि इसी जमीन में मेरा और परिवार का दाह संस्कार किया जाए.

परिवार ने सामूहिक रूप से किया सुसाइड

शिवलाल का फोन बंद होने पर भाई मांगीलाल ने एक मजदूर को घर भेजा था. पहले तो घर में कोई नहीं मिला, लेकिन दोबारा जाने पर पानी की टांकी में चारों शव तैरते मिले. पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. 

घटना के समय मृतक के माता-पिता घर पर नहीं थे. मां बाड़मेर शहर गई थीं और पिता बस्ती में ज्योतिष कार्य के लिए निकले थे. ससुराल पक्ष ने शिवलाल के परिजनों पर प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है.

Advertisement

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की 

पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है. इस घटना पर एडिशनल एसपी जस्साराम बोस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. 

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----

Advertisement
Advertisement