scorecardresearch
 

हॉस्टल में छात्रा की मौत के बाद बड़ा एक्शन, मंत्री के भतीजे को पुलिस ने किया गिरफ्तार

ओडिशा के गंजाम जिले में निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की 20 वर्षीय BCA छात्रा की हॉस्टल में संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में राज्य के परिवहन मंत्री बिभूति भूषण जेना के भतीजे और छात्रा के कथित बॉयफ्रेंड बिस्वजीत जेना को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
X
मामले में विपक्ष ने उठाए सवाल.(Photo: Representational)
मामले में विपक्ष ने उठाए सवाल.(Photo: Representational)

ओडिशा के गंजाम जिले में एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में राज्य के परिवहन मंत्री बिभूति भूषण जेना के भतीजे बिस्वजीत जेना को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी 24 वर्षीय बिस्वजीत जेना मृतक छात्रा का कथित बॉयफ्रेंड भी बताया जा रहा है.

पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय BCA छात्रा शनिवार को अपने गर्ल्स हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली थी. घटना के समय छात्रा अपनी बहन और तीन अन्य रूममेट्स के साथ उसी कमरे में रहती थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

यह भी पढ़ें: तैराकी सीखते-सीखते मौत के मुंह में समाए दो छात्र, ओडिशा के गंजाम में दर्दनाक हादसा

मृतका के मामा की शिकायत के आधार पर गोलंथरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस ने जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी बिस्वजीत जेना को गिरफ्तार कर लिया.

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त

जांच के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ वैज्ञानिक टीम और कार्यपालक मजिस्ट्रेट भी घटनास्थल पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम ने मौके से डिजिटल और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए.

Advertisement

पुलिस ने मृतका और आरोपी दोनों के मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं. इनकी जांच कराई जा रही है, ताकि दोनों के बीच हुई बातचीत और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जा सके.

ब्रह्मपुर के पुलिस अधीक्षक सरवाना विवेक एम ने बताया कि छात्रा की मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

मामले ने पकड़ा राजनीतिक रंग, विपक्ष ने उठाए सवाल

इस मामले ने राजनीतिक रूप भी ले लिया है. गिरफ्तारी से पहले विपक्षी दल बीजेडी ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की थी. पार्टी नेताओं का कहना था कि आरोपी का मंत्री से रिश्तेदार होना जांच में बाधा नहीं बनना चाहिए और कानून सभी के लिए समान होना चाहिए.

बीजेडी के नेताओं ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पुलिस को बिना किसी दबाव के कार्रवाई करनी चाहिए. वहीं, गंजाम जिला परिषद की उपाध्यक्ष राजेश्वरी डोरा ने भी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

उधर भाजपा के गंजाम जिला अध्यक्ष सरोज साबत ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मंत्री, आरोपी और उनके परिवार की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement