scorecardresearch
 

मयूरभंज में दीवार के नीचे दबकर मासूम की मौत, संबलपुर में बाइक सवार बहा... ओडिशा में 'जल प्रलय'

ओडिशा में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. कई इलाकों में सड़कें तालाब बन गई हैं और जलभराव से निजात पाने के लिए पंप का सहारा लेना पड़ रहा है.

Advertisement
X
भारी बारिश से तालाब बनीं कट की सड़कें (Photo: PTI)
भारी बारिश से तालाब बनीं कट की सड़कें (Photo: PTI)

बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन रविवार को उत्तर ओडिशा तट से टकरा गया था. डिप्रेशन यानी निम्न दबाव के प्रभाव से हो रही लगातार बारिश के कारण दीवार गिरने से उसमें दबकर दो साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई है. घटना मयूरभंज जिले के ठाकुरमुंडा इलाके की है. दीवार के नीचे दबकर जान गंवाने वाली बच्ची का नाम चांदनी मुंडा बताया जा रहा है.

ठाकुरमुंडा थाने के प्रभारी तुषार रंजन नायक ने दीवार गिरने की घटना में बच्ची के जान गंवाने की पुष्टि की है. जानकारी के मुताबिक दो साल की चांदनी अपने माता-पिता और अन्य परिजनों के साथ सो रही थी. जर्जर हो चुके घर की कच्ची दीवार भारी बारिश के कारण अचानक भरभराकर गिर पड़ी. इसकी चपेट में तीन लोग आ गए. चांदनी की मौत हो गई, जबकि अन्य दो लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

वहीं, संबलपुर शहर के बाहरी इलाके बागडीहीपाड़ा में तेज बहाव वाले नाले को पार करते समय एक व्यक्ति बह गया. बताया जाता है कि 45 साल के सुरेश महाराणा रात के समय बाइक से नाला पार कर रहे थे. इसी दौरान नाले में तेज बारिश का पानी आ गया. सुरेश राणा नाले के तेज बहाव में बह गए. सुरेश की बाइक पर उनके अलावा एक व्यक्ति और सवार था, जिसे बचा लिया गया है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: Weather Forecast: झारखंड-ओडिशा में डिप्रेशन एक्टिव, क्या बरपाएगा कहर? बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट

संबलपुर के जिलाधिकारी सिद्धेश्वर बलिराम बोंदार के मुताबिक कई इलाकों में बारिश का पानी घरों में भी घुस गया है. राजधानी भुवनेश्वर के साथ ही कटक और कई अन्य शहरी इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बन गई है. भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात बाधित हो गया है.

यह भी पढ़ें: ओडिशा तट से टकराया बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

शहरी इलाकों में हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई जगह जमा पानी निकालने के लिए पंप का इस्तेमाल किया जा रहा है. इस बीच जल संसाधन विभाग ने बैतरणी नदी में हल्की से मध्यम बाढ़ आने की आशंका जताई है. विभाग ने आशंका जताई है कि जाजपुर और भद्रक जिलों के निचले इलाके बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement