ओडिशा के ढेंकनाल ज़िले से एक अजीब घटना सामने आई है. यहां मंगलवार की रात में चोरी करने की कोशिश में एक चोर शिव मंदिर में घुसा था, लेकिन वह मंदिर के अंदर ही फंस गया. यह घटना परजंग पुलिस स्टेशन के इलाके में आने वाले चांदपुर गांव के एक शिव मंदिर में हुई. इस घटना का पता सुबह-सुबह तब चला, जब मंदिर का पुजारी रोज़ाना की पूजा-पाठ करने के लिए मंदिर पहुंचा.
बताया जाता है कि चोर ने देर रात मंदिर के दरवाज़े में बनी एक दरार से अंदर प्रवेश किया था. हालांकि, मंदिर में घुसने के बाद उसे बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला और वह मंदिर परिसर के अंदर ही फंस गया. बाहर निकलने का कोई रास्ता न मिलने के कारण चोर को पूरी रात मंदिर के अंदर ही बितानी पड़ी. जिसके बाद उसे अगली सुबह पकड़ लिया गया.
पुजारी की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
इस घटना पर सबसे पहले मंदिर के पुजारी भगवान राणा की नज़र पड़ी, जो रोज़ाना की पूजा करने के लिए मंदिर आए थे. पुजारी ने बताया कि जब मैं रोज़ाना की पूजा करने आया, तो मुझे मंदिर के अंदर एक आदमी मिला. ऐसा लग रहा था कि मंदिर के ताले से छेड़छाड़ की गई थी और वह अंदर घुस आया था. उसे देखते ही, मैंने तुरंत मंदिर को बाहर से ताला लगा दिया और गांव वालों को इसकी जानकारी दी.
वह आदमी अपने गांव के बारे में साफ-साफ नहीं बता पा रहा था और मंदिर में घुसने के तरीके के बारे में भी अलग-अलग बातें बता रहा था. उसने दावा किया कि तीन लोग एक साथ मंदिर में घुसे थे, जिनमें से दो लोग भागने में कामयाब हो गए, जबकि वह पीछे रह गया. हालांकि, वह अपने बारे में कोई साफ जानकारी नहीं दे पाया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस घटना की खबर तेज़ी से स्थानीय लोगों तक पहुंची तो वे भी मंदिर के बाहर इकट्ठा हो गए. गांव वालों से मिली जानकारी के बाद परजंग पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और उस आदमी को मंदिर के अंदर से बाहर निकाला.
फिलहाल पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है. हालांकि, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है. वह लगातार अपने बयान बदल रहा है. साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं वह मानसिक रूप से बीमार तो नहीं है?