scorecardresearch
 

शादी टूटी तो पाल ली दुश्मनी! रात में मेजबान के घर रुका, खाना खाया, फिर सोते समय कर दी हत्या

ओडिशा के बालांगीर में दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां शादी टूटने से नाराज एक युवक अपनी मां के साथ महिला के मामा के घर पहुंचा, वहीं खाना खाया और रात में रुक गया. देर रात जब पूरा परिवार सो रहा था, तब उसने डंडे से हमला कर दिया. हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए.

Advertisement
X
मृतक की पत्नी ने बताई पूरी कहानी. (Photo: Screengrab)
मृतक की पत्नी ने बताई पूरी कहानी. (Photo: Screengrab)

ओडिशा के बालांगीर से सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां शादी टूटने की रंजिश में एक युवक ने उस परिवार पर हमला कर दिया, जिसने उसे मेहमान समझकर अपने घर में ठहराया था. आरोपी ने पहले परिवार के साथ खाना खाया, रात में वहीं रुका. फिर आधी रात के बाद सोते हुए परिवार पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी, बेटा और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए.

यह घटना शुक्रवार की रात बालांगीर के पटनागढ़ थाना क्षेत्र के मलिकमुंडा गांव में हुई. मृतक की पहचान बिनोद साहू के रूप में हुई है. विनोद की पत्नी हेमलता साहू, बेटा और बेटी का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

पुलिस का कहना है कि आरोपी सुरेंद्र साहू की शादी पिछले साल जंबहाल गांव की एक युवती से तय हुई थी. लेकिन बाद में युवती के परिवार ने यह रिश्ता तोड़ दिया. सुरेंद्र की शराब पीने की आदत की वजह से लड़की के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया था. रिश्ता टूटने के बाद भी सुरेंद्र लगातार युवती के परिवार पर शादी के लिए दबाव बनाता रहा. पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश में उसने इस वारदात को अंजाम दिया.

यह भी पढ़ें: 'तुम मेरी नहीं तो...', मंगेतर के शरीर में इंजेक्ट किया अपना HIV संक्रमित खून, चली गई जान, शादी टूटने से नाराज था युवक

Advertisement

शुक्रवार को सुरेंद्र अपनी मां के साथ बिनोद साहू के घर पहुंचा. बिनोद साहू उस युवती के मामा थे, जिससे सुरेंद्र की शादी तय हुई थी. परिवार को किसी तरह के खतरे का अंदेशा नहीं था. उन्होंने मां-बेटे का स्वागत किया, साथ बैठकर खाना खिलाया और रात में घर पर ही रुकने की व्यवस्था कर दी. लेकिन देर रात जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी सुरेंद्र ने घर में रखा लकड़ी का डंडा उठाया और सो रहे लोगों पर हमला कर दिया.

हमला इतना बेरहमी से किया गया कि बिनोद साहू की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी पत्नी, बेटा और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए. हमले में घायल हेमलता साहू ने बताया कि उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि सुरेंद्र ऐसा कदम उठाएगा. उनके मुताबिक, आरोपी ने उनके पति पर लगातार डंडे से वार किए और फिर परिवार के अन्य लोगों पर भी हमला कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पटनागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों का इलाज कराया जा रहा है.

एसपी ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया. उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें बनाई गई हैं. शुरुआती जांच में मामला प्रेम या रिश्ते से जुड़े विवाद का लग रहा है, लेकिन असली वजह आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. गांव में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है और लोग इस बात से हैरान हैं कि जिस व्यक्ति को मेहमान समझकर घर में ठहराया गया, उसी ने रात के अंधेरे में पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement